वीर शहीद केसरीचंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एबीवीपी से जुड़े छात्रों का क्रमिक अनशन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। छात्रों ने विरोध में शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रसंघ अध्यक्ष आशीष बिष्ट ने कहा कि मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि जरूरत पड़ी तो छात्र तालाबंदी और आमरण अनशन से भी पीछे नहीं हटेंगे।
छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा कि मांगों को लेकर पूर्व में भी एबीवीपी कई बार आंदोलन कर चुकी है। हर बार उच्चाधिकारी आश्वासन देते हैं, लेकिन आज भी छात्रों की समस्याएं जस की तस हैं। क्षेत्र का सबसे बड़ा महाविद्यालय होने के बावजूद स्नातक कला संकाय में भूगोल, फाइन आर्ट, समाजशास्त्र, दर्शनशास्त्र, सेना विज्ञान, विज्ञान संकाय में कंप्यूटर साइंस और स्नातकोत्तर कला संकाय में शिक्षा शास्त्र, संस्कृत, मानव विज्ञान, अर्थशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषय नहीं हैं। वनस्पति व जंतु विज्ञान विषय भी नहीं है। रिक्त पदों पर प्राध्यापकों की तैनाती नहीं की जा रही है। छात्रों के लिए छात्रावास की सुविधा भी नहीं हैं।
धरना प्रदर्शन करने वालों में वंशिका दयाल, विक्की पंवार, राहुल तोमर, विकेश तोमर, प्रियांशु चौहान, माही वर्मा, रोहन सप्पल, विकेश चौहान, प्रवीण सुमाण, विशन सिंह कुड़ियाल, सरोज वर्मा, पल्लवी आदि शामिल रहे।