जालसाजों ने वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी को जमीन दिलाने के नाम पर ठग लिया। भारतीय अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद में तैनात अधिकारी ने 11 लाख रुपये की ठगी के मामले में दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एसओ वसंत विहार प्रदीप रावत ने बताया कि शिमला बाईपास वन विहार निवासी प्रभात कुमार वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उत्तरकाशी के रहने वाले रामनरेश नौटियाल और उसकी पत्नी सोनम नौटियाल ने गोविंदगढ़ विजय पार्क में उन्हें एक जमीन दिखाई थी। दंपती ने इस जमीन को अवासीय बताया था। इसका कुल सौदा 1.1 करोड़ रुपये तय हुआ। इसके लिए 10 प्रतिशत बयाने के तौर पर 11 लाख रुपये नौटियाल दंपती को दे दिए गए। नौटियाल दंपती ने यह भी कहा था कि वे इस जमीन पर मकान बनाने के लिए नक्शा भी एमडीडीए से पास कराएंगे। जब जमीन की जांच हुई तो पता चला कि यह बागवानी श्रेणी की है। नौटियाल दंपती ने झूठ बोलकर यह जमीन खरीदवाई है। प्रभात कुमार ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने देने से इन्कार कर दिया। दबाव बनाने पर धमकायां मिलने लगीं। पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि नौटियाल के खिलाफ धोखाधड़ी का एक मुकदमा प्रेमनगर थाने में भी दर्ज है। एसओ ने बताया कि नौटियाल दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।