सुरेंद्र राकेश आवासीय विद्यालय हरिद्वार की प्रवेश परीक्षा में विकासखंड कालसी के 8 छात्रों का चयन हुआ है। प्रवेश परीक्षा में प्रदेश से कुल 30 छात्रों का चयन हुआ है, जिसमें से 8 छात्रों का विकासखंड कालसी से चयन होना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
प्रदेश के समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई होती है। यहां पढ़ने वाले छात्रों को निशुल्क आवासीय सुविधा के साथ-साथ निशुल्क पाठ्य पुस्तकें दी जाती है। विकासखंड कालसी के राजकीय माध्यमिक विद्यालय ललोऊ की राधिका, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नागथात की मोनिका, राजकीय प्राथमिक विद्यालय गडैता की प्रिंसी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय लाछा की निशा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कालसी बाजार के आदित्य, राजकीय प्राथमिक विद्यालय पिपाया के अंकुश, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नागथात के कार्तिक और राजकीय प्राथमिक विद्यालय हरीपुर के विशाल का चयन हुआ है।
विकासखंड कालसी के उप खंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर प्रसाद जदली ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए शिक्षिका उषा कंडारी और पुनीत ने छात्रों को प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराई। उन्होंने शिक्षकों तथा चयनित छात्रों को बधाई दी।