दीपावली पर शहर की सड़कें और गलियां रोशनी से जगमगाएंगी। बृहस्पतिवार को नगर पंचायत बोर्ड ने त्योहार से पहले प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए 500 नई स्ट्रीट लाइटें खरीदने को मंजूरी दी है। वहीं, छोटे दुकानदारों को राहत देने के लिए अंदरूनी गलियों में कारोबार करने वाले दुकानदारों से ट्रेड लाइसेंस शुल्क और टैक्स नहीं लेने की मांग भी बोर्ड बैठक में उठाई गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुराने प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा के साथ जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई। बोर्ड ने 100 और 45 वाट की 500 स्ट्रीट लाइटें खरीदने की स्वीकृति दी। इससे दीपावली के दौरान निकाय क्षेत्र की सड़कों और गलियों में रोशनी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर फिर होगा संचालित
बैठक में वार्ड पांच में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर को दोबारा नियमित रूप से चलाने की मंजूरी दी गई। इससे स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने का रास्ता साफ होगा। वहीं, नगर पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से वार्ड आठ स्थित राधाकृष्ण पार्क को फिर से 11 माह के लिए किराये पर देने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
छोटे दुकानदारों को राहत देने की मांग
वार्ड छह के सभासद अनिल नौटियाल ने अंदरूनी गलियों में छोटी दुकानें चलाने वाले दुकानदारों पर ट्रेड लाइसेंस शुल्क और टैक्स नहीं लगाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि छोटे कारोबारियों को राहत मिलनी चाहिए। अध्यक्ष सुमित चौधरी ने कहा कि दीपावली पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने और जनसुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। बैठक में अधिशासी अधिकारी आरडी पाठक समेत सभी वार्डों के सभासद और तीन नामित सभासद मौजूद रहे।