I
IIसचिवालय क्रिकेट क्लब के तत्वाधान में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी का रविवार को शुभारंभ किया गया। पहले दिन सचिवालय पैंथर्स और सचिवालय हरिकेन की टीम ने अपने-अपने मैच जीतकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के क्रिकेट मैदान में पहला मैच सचिवालय पैंथर्स और सचिवालय रॉयल स्ट्राइकर के बीच खेला गया। अपर सचिव अतर सिंह चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सचिवालय पैंथर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 188 रन बनाए। जवाब में सचिवालय रॉयल स्ट्राइकर की टीम 101 रन पर सिमट गई और 87 रनों से मैच हार गई। सचिवालय पैंथर के लिए जितेंद्र सिंह ने 58 रन बनाए। इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के घोषित किया गया। जबकि सचिवालय रॉयल स्ट्राइकर के अमित रावत फाइटर ऑफ द मैच रहे। दूसरा मुकाबला सचिवालय हरिकेन तथा सचिवालय क्लासिक के बीच खेला गया। सचिवालय हरिकेन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते निर्धारित 20 ओवर में 232 रन का लक्ष्य रखा। टीम की तरफ से दिवाकर पंत ने नाबाद 105 तथा सुनील मेंदोला के नाबाद 66 रन बनाए। जवाब में सचिवालय क्लासिक की टीम 12.5 ओवर में 51 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह सचिवालय हरिकेन ने 151 रन से मुकाबला जीत लिया। सचिवालय हरिकेन की ओर से ओमिस कुमार ने चार, दीपक डिमरी ने तीन और विनोद शर्मा ने एक विकेट चटकाए। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए दिवाकर पंत को मैन ऑफ द मैच दिया गया। उद्घाटन समारोह में संयुक्त सचिव विक्रम सिंह राणा, नंदन सिंह, उत्तराखंड सचिवालय संघ के अध्यक्ष सुनील लखेड़ा, महासचिव राकेश जोशी, उपाध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली, भास्कर रावत, टीएच खान, महेश धर्मशक्तू, विनोद शर्मा, रवींद्र रंसवाल, अनिल काला आदि मौजूद रहे।I