गज्जी बैंड के पास शनिवार दोपहर करीब दो बजे एक स्कूटी पैराफिट से टकरा गई। हादसे में प्रिया (21) पुत्री कुलानंद निवासी ग्राम कोट शांकरी मोरी पुरोला उत्तरकाशी की खाई में गिरने से मौत हो गई। जबकि, नवीन (22) पुत्र विक्रम निवासी हडवाड़ी थाना मोरी उत्तरकाशी सड़क पर गिरकर घायल हो गया।शहर कोतवाल संतोष कुंवर ने बताया कि युवक और युवती पुरोला से देहरादून आ रहे थे। मसूरी-देहरादून मार्ग पर स्कूटी अनियंत्रित होकर पैराफिट से टकरा गई। हादसे में युवक सड़क पर गिर गया, लेकिन युवती खाई में जा गिरी। सूचना पर पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और युवती को खाई से बाहर निकाला। दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने प्रिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, युवक का उपचार जारी है। युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। कोतवाल ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।