देहरादून में राजपुर रोड पर स्कूटी असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में एमबीए छात्र की मौत हो गई, जबकि उसकी साथी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मध्यप्रदेश के भोपाल निवासी पुरील रावल दून की पेट्रोलियम यूनिवर्सिटी में एमबीए का छात्र था। रविवार को पुरील स्कूटी पर अपनी साथी प्रियंका गौड़ निवासी बरेली के साथ स्कूटी से मसूरी की तरफ से आ रहा था। राजपुर रोड पर पुरानी चुंगी के पास स्कूटी का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पेड़ से टकरा गई।
जबड़े पर गंभीर चोट लगने के कारण पुरील की मौके पर ही मौत हो गई, प्रियंका घायल हो गई। घायल छात्रा को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसओ राजेश शाह ने बताया कि हादसे के बारे में सही जानकारी नहीं हो सकी है। छात्रा के होश में आने पर तस्वीर साफ हो पाएगी। फिलहाल परिजनों को सूचना देकर शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
जालसाजी में दबोचा
प्रेमनगर पुलिस ने जालसाजी के मामले में वांछित चल रहे नाथीराम निवासी सदर बाजार सहारनपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोपहर बाद उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।