फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: आंधी-तूफान और बारिश का कहर, स्कूल की दीवार गिरने से दो लोगों की मौके पर मौत, एक घायल

Fri, 07 Jun 2019 08:37 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
बारिश के बाद स्कूल की दीवार गिरने से दो की मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तराखंड में देर शाम को मौसम ने करवट बदली। अचानक गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र में आंधी-तूफान और बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में तेज बारिश के बाद केपीसी स्कूल की दीवार गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक घायल हो गया है। वहीं सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। 

विज्ञापन


भीषण गर्मी के बीच बारिश से लोगों को राहत तो मिली। लेकिन कई इलाकों में बारिश से बिजली आपूर्ति भी बंद हो गई है। तेज आंधी तूफान में काशीपुर में खनन क्षेत्र बाजार घाट में लगी पुलिस चौकी का टेंट गिर गया। तेज हवा से चौकी में रखे तख्त कुर्सियां 100 मिटर दूर जाकर गिरे। वहां तैनात पीएससी जवान अब बस में रात गुजारेंगे। वहीं खटीमा सहित भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

बारिश से मिली गर्मी से राहत, बिजली आपूर्ति बाधित

गुरुवार देर शाम को कोटद्वार क्षेत्र में दोपहर बाद धुमाकोट और नैनीडांडा क्षेत्र में आंधी तूफान के साथ बारिश हुई। इस बीच तेज हवाओं से जडाऊखांद में एक पेड़ टूटकर दुकान के ऊपर जा गिरा, गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बारिश से क्षेत्र का मौसम सुुहाना हो गया। आंधी के चलते क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई है। कोटद्वार में भी आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर तेज हवाएं चलती रहीं। 

क्षेत्र में गत दो दिनों से उमस भरी गर्मी पड़ रही थी। बृहस्पतिवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ था, लेकिन फिर धूप खिलने से लोग चिलचिलाती गर्मी से परेशान रहे। दोपहर बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला शाम को करीब चार बजे आंधी तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक बारिश जारी रही। इससे क्षेत्र में पारा लुढ़क गया और लोगों को गर्मी से निजात मिल गई। तेज हवाओं के चलते जडाऊखांद में एक पेड़ टूटकर दुकान के ऊपर जा गिरा, जिससे दुकान की छत को नुकसान पहुंचा है। 

पहाड़ में ओलावृष्टि, मैदान में आंधी के आसार

राज्य के पहाड़ी इलाकों में अगले 12 घंटों के दौरान तेज ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका है। वहीं, मैदानी इलाकों में तेज रफ्तार आंधी चल सकती है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में 13 जून तक हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार प्रदेश के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में अगले 12 घंटों के दौरान ओले गिर सकते हैैं। इसके अलावा कुछ इलाकों में बिजली गिरने की आशंका भी है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। 

दूसरी ओर, प्रदेश में मानसून की दस्तक से पहले हल्की बारिश के कुछ दौर हो सकते हैं। सात से दस जून तक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं, 11 से 13 के बीच बारिश की मात्रा में बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आठ जून के बाद अधिकतम तापमान में कमी आ सकती है। 
विज्ञापन

ऋषिकेश में झमाझम बारिश, ओले भी गिरे  

सुबह से ही तीर्थनगरी में कभी बादल तो कभी धूप की आंख मिचौली चलती रही। दोपहर करीब ढाई बजे के बाद अचानक मौसम ने रंग बदल दिया। झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कहीं-कहीं पर ओले भी गिरे।

देश विदेश से पहुंचे पर्यटक भी बारिश को देख सड़कों पर निकल आए। बारिश करीब एक घंटे तक चली। इसके बाद हल्की धूप खिली। लेकिन, शाम होते होते मौसम ने फिर करवट बदल ली। ठंडी हवाएं चलने लगी थीं। रात तक मौसम का यह मिजाज कायम था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें