एकेश्वर ब्लॉक के नौगांवखाल-मथाणा मोटर मार्ग पर स्कूली बच्चों से भरी मैक्स के खाई में गिरने से एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि चालक समेत 14 घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पौड़ी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सभी घायल बच्चों की उम्र 3 से 17 वर्ष के बीच है।
राजस्व उपनिरीक्षक मनोहर नेगी ने बताया कि शनिवार शाम नौगांवखाल से स्कूल के बच्चों को लेकर मथाणा गांव जा रही मैक्स एकेश्वर ब्लाक मुख्यालय पणखेत से करीब आधा किमी आगे गहरी खाई में जा गिरी।
स्कूल मैक्स के हादसे की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया। वाहन में सरस्वती शिशु मंदिर नौगांवखाल के 13 छात्र-छात्राएं और राजकीय इंटर कॉलेज नौगांवखाल की एक छात्रा सवार थी।
शनिवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे मैक्स अनियंत्रित होकर करीब 80 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में राधिका (5) पुत्री कुलदीप निवासी ग्राम मथाणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनील की बेटी श्वेता (13) और बेटा शुभम (11), अंशु (6) पुत्र नागेंद्र , मंदीप (11) पुत्र अज्ञात, नीलकंठ का बेटा आयुष (7) और बेटी सिमरन (8), शिवांश (5) पुत्र दीपक, शालिनी (17) पुत्री सुनील सभी निवासी ग्वाड़ मल्ला एवं लक्की (7) पुत्र विनोद, एंजल (5) पुत्री अज्ञात, चालक रविंद्र (46) पुत्र अज्ञात, कशिश (7) पुत्री विक्रम, अमन (13) पुत्र ताजबर, अभिषेक (8) पुत्र अर्जुन सभी ग्राम मथाणा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल में प्राथमिक उपचार के बाद पौड़ी जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। क्षेत्रीय विधायक एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए सीएमओ पौड़ी को घायलों को समुचित उपचार देने के निर्देश दिए हैं।