बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी की मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए उत्तराखंड प्रशासन ने देहरादून जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में सभी सरकारी, गैर सरकारी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया है। उधर, दून समेत मैदानी क्षेत्रों में करीब एक सप्ताह बाद स्कूल खुल जाएंगे। मौसम विभाग ने शनिवार को अगले 48 घंटे में भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी दी थी।
रविवार को भी मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और ओलावृष्टि के आसार जताए हैं। जिलाधिकारी रविनाथ रमन ने चकराता, त्यूनी, कालसी और मसूरी के सभी सरकारी, गैर सरकारी स्कूलों में सोमवार के लिए एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया।
बता दें कि जिले के सभी स्कूल करीब एक सप्ताह से बंद थे। जिलाधिकारी ने स्वाइन फ्लू की आशंका को देखते हुए कक्षा एक से पांचवीं तक के बच्चों का रविवार तक अवकाश घोषित किया था।
जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार राजधानी, विकासनगर, ऋषिकेश (मैदानी क्षेत्र) में स्कूल सोमवार को खुले रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी खाली ने बताया कि जिलाधिकारी ने सिर्फ पर्वतीय क्षेत्रों में एक दिन के लिए अवकाश घोषित किया है। कहा कि सभी स्कूल निर्देश का पालन करें। नगरी क्षेत्रों में सभी सरकारी, गैर सरकारी स्कूल खुलेंगे।
कार्यालय में रहें मौजूद अधिकारी : डीएम
बारिश, बर्फबारी से नुकसान की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी मातहतों को सोमवार को अपने-अपने कार्यालय में मौजूद रहने का आदेश दिया है। सभी एसडीएम, तहसीलदारों को कहा है कि वे नायब तहसीलदार, रजिस्ट्रार कानूनगो, राजस्व निरीक्षक एवं क्षेत्रीय लेखपाल/पटवारी की उपस्थिति सुनिश्चित करें।
मौसम खराब होने के कारण जनहानि या आपदा न हो, इसके लिए सभी अधिकारियों को समन्वय बनाने के लिए कहा गया है। कोई घटना होने पर तुरंत जिला कार्यालय और जिला आपदा राहत प्रबंधन अधिकारी को जानकारी देने के लिए कहा है। नुकसान का त्वरित आकलन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।