चमार वाल्मीकि महासंघ के बैनर तले नगर निगम परिसर में ही सभा कर वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर दलितों की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि सोची समझी साजिश के तहत दलितों को उनके अधिकारों से वंचित करने की साजिश रची जा रही है।
कांग्रेस नेता मेहर सिंह ने कहा कि समाज के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।जिला पंचायत सदस्य रोशनलाल ने सोमवार को हुए दलित समाज के प्रदर्शन के दौरान देशभर में मारे गए समाज के कार्यकर्ताओं को शहीद का दर्जा देने और उनके परिजनों को पचास-पचास लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
महासंघ के अध्यक्ष भंवर सिंह ने कहा कि दलितों को उनके मौलिक अधिकारों से वंचित करने की साजिश सफल नहीं होने दी जाएगी। करीब दो घंटे तक चली सभा के बाद सिटी मजिस्ट्रेट मनीष सिंह ने प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचकर ज्ञापन लिया। राष्ट्रपति के नाम संबोधित 14 सूत्री मांग पत्र में दलित समाज पर हो रहे अत्याचार रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई है।
सभा को आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष भानपाल सिंह, अरुण कुमार, रविदास सेना के अध्यक्ष सोमपाल सिंह, चंद्रपाल सिंह, भीम आर्मी के प्रदेश प्रभारी महक सिंह, जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह, डा.भीमराव अंबेडकर जन सेवक समिति के अध्यक्ष मदन लाल, अनुसूचित जाति कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन भेल के अध्यक्ष सीपी सिंह, आदि शामिल रहे।