श्रावण मास के पहले सोमवार पर शिवालय बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठेंगें। बाबा का विशेष अभिषेक किया जाएगा।
इसके साथ ही रूद्रीपाठ होंगें। देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में सुबह-शाम बाबा का विशेष अभिषेक होगा। इसके साथ ही यहां बैठे पंडित यजमानों की इच्छानुसार मंत्रों का पाठ करेंगें। पंचाक्षरी मंत्र, तांडव स्त्रोत का पाठ किया जाएगा।
मंदिर के स्वामी किशन गिरी ने बताया कि पूरे सावन के महीने मंदिर में पंडित बैठकर अपने यजमानों के लिए मंत्रों का जाप करते रहते हैं। बताया कि बाबा को अलग-अलग रूपों में यहां सजाया जाता है।
वहीं पहले सोमवार को मंदिर सेवादल की ओर से दूध, दही आदि से विशेष रूप से बाबा का अभिषेक करने के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगें। गढ़ी-डाकरा स्थित श्री नागेश्वर मंदिर में सुबह 6 बजे बाबा का विशेष अभिषेक होगा।
मंदिर के महंत विश्वनाथ योगी ने बताया कि मंदिर में शाम को कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। श्री श्याम सुंदर मंदिर में भी भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार होगा। पंचायती मंदिर में बाबा की विशेष आरती की जाएगी। प्राचीन शिव मंदिर, श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर आदि में सुबह शाम-बाबा का अभिषेक किया जाएगा।