फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun News: संगीता की हालत दूसरे दिन भी नाजुक, आईसीयू में अब तक नहीं आया होश

Thu, 23 Jul 2026 10:03 PM IST
देहरादून ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर में बुधवार को हुई खौफनाक वारदात में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल संगीता (37) की हालत दूसरे दिन भी नाजुक बनी है। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के भूटाणु गांव निवासी संगीता का धूलकोट स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू में उपचार चल रहा है। कनपटी के पास गोली लगने के कारण उनकी स्थिति गंभीर है और उन्हें अब तक होश नहीं आया। वहीं, पुलिस ने आरोपी युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
विज्ञापन


दरअसल, बुधवार सुबह चकराता क्षेत्र के हयो गांव निवासी कमलेश चौहान ने कल्याणपुर स्थित किराये के कमरे में पहुंचकर संगीता को तमंचे से गोली मार दी थी। इसके बाद उसने खुद की कनपटी पर भी गोली चलाकर आत्महत्या कर ली थी। इस सनसनीखेज वारदात में कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि लहूलुहान संगीता को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर गंभीर हालत में धूलकोट स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के वक्त संगीता अपने दो मासूम बच्चों के साथ इसी किराये के मकान में रह रही थी। डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार संगीता की निगरानी कर रही है, लेकिन कोमा जैसी स्थिति होने के कारण अभी तक उन्हें होश नहीं आ सका है।
फोरेंसिक रिपोर्ट से जुड़ेंगी जांच की कड़ियां

कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, सुसाइड नोट और तमंचे की जांच के लिए फोरेंसिक टीम की मदद ली गई है। फिलहाल पुलिस को नमूनों की फोरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर जांच की दिशा तय की जाएगी। महिला के होश में आने के बाद ही उनके बयान दर्ज किए जा सकेंगे। फिलहाल पुलिस प्रेम-प्रसंग और सुसाइड नोट में लिखी बातों सहित सभी संभावित पहलुओं की गहनता से पड़ताल करने में जुटी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें