माय सिटी रिपोर्टर देहरादून जिले में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा फिलहाल रोज बढ़ता चला जा रहा है। स्वास्थ विभाग की ओर से मंगलवार को 51 संदिग्धों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। वहीं 38 जमातियों को क्वारन्टीन में रखा गया है और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम सभी जमातियों की निगरानी कर रही है । जिलाधिकारी डॉ आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में फिलहाल 48996 लोगों को सामुदायिक निगरानी में रखा गया है और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अलावा जिला प्रशासन के अधिकारियों की टीम इन की कड़ी निगरानी कर रही है। जिलाधिकारी डॉ श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अब तक 18 मरीजों में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है जिसमें से चार मरीजों के इलाज के बाद पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है जबकि 14 मरीजों का विशेषज्ञों द्वारा इलाज किया जा रहा है । दूसरी ओर कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने के लिए जिलाधिकारी डॉ आशीष श्रीवास्तव ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक की और बीमारी से निपटने को लेकर उठाए गए कदमों की जानकारी ली। जिलाधिकारी डॉ श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दून अस्पताल के अलावा कोरोनेशन अस्पताल , गांधी शताब्दी अस्पताल, जौलीग्रांट अस्पताल व महंत इंद्रेश अस्पताल समेत तमाम सरकारी व निजी अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में बेड की व्यवस्था करने के साथ ही इलाज के पुख्ता इंतजाम कर लिए जाएं । अस्पतालों में विशेषज्ञों, पैरामेडिकल, स्टाफ नर्स की तैनाती के साथ ही दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था कर ली जाए । ताकि मरीजों का आंकड़ा बढ़ने के साथ ही तेजी से मरीजों का इलाज किया जा सके ।जिलाधिकारी डॉ श्रीवास्तव ने अधिकारियों को हिदायत दी कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना की जाए और जिस भी मरीज में कोरोना वायरस के संक्रमण की आशंका लगे, तत्काल जांच कराने के साथ ही हर आवश्यक कदम उठाए जाएं । बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी समेत जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी उपस्थित थे