सलमान खान की ट्यूबलाइट के गाने 'नाच मेरी जान' में कुछ ऐसी खास बात है जो आपने नोटिस नहीं की होगी।
द्वाराहाट के चित्रेश्वर गांव के रहने वाले गायक देव नेगी ने अमर उजाला से फोन पर हुई बातचीत में ट्यूबलाइट फिल्म में गाने का मौका मिलने के अनुभव साझा किया। देव ने बताया कि उन्हें कुमाऊंनी होने के कारण ही इतनी बड़ी फिल्म में गाने का मौका मिला।
‘मशहूर संगीतकार प्रीतम का मुझे फोन आया और बोले देव क्या तुम कुमाऊं से हो। मैंने कहा हां, दादा। अच्छा तुम कल मिलो मुझसे। उन्होंने मुझसे कुमाऊंनी के कुछ बोल लिखने को कहे और मैंने लिख दिए। फिर वो बोले, ऐसा करो इसे गाकर दिखोओ। मैंने गा दिए वो बोले कमाल हो गया। जो मैं चाह रहा था, वही मुझे मिल गया। इस तरह मुझे ट्यूबलाइट फिल्म के मशहूर गाने ‘नाच मेरी जान’ में गाने का मौका मिला।’
‘छम्मा देई छम्मा देई, जतुक दिला सही...’ बोल उन्हीं के कहने पर शामिल किए गए
देव नेगी
देव ने सलमान खान की आज(शुक्रवार) रिलीज होने वाली फिल्म ट्यूबलाइट का हार्ट टचिंग ट्रैक ‘नाच मेरी जान...., छोड़कर किंतु, परंतु ’ गाना कोरस में तुषार जोशी, कमाल खान और नकाश अजीज के साथ गाया है। इस गाने में ‘छम्मा देई छम्मा देई, जतुक दिला सही...’ बोल उन्हीं के कहने पर शामिल किए गए हैं।
देव ने बताया कि उन्हें बचपन से ही गायक बनना था। देव कहते हैं कि उन्हें गाने की प्रेरणा किशोर कुमार और मो. रफी से मिली। महाकालेश्वर जीआईसी, द्वाराहाट से 12वीं की परीक्षा 2006 में पास करके वह जालंधर चले गए। वहां उन्होंने एपीजे कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स से संगीत में स्नातक किया और 2010 में मुंबई आ गए। इसके बाद अंकुर अरोड़ा मर्डर केस फिल्म में विक्रम भट्ट ने पहली बार आ जा जी ले जरा गाने का मौका दिया। उन्होंने ऊंगली, प्यार का पंचनामा-2 सहित कई छोटे बजट की फिल्मों और धारावाहिकों के लिए जिंगल गाए हैं।
देव बताते हैं कि आज बॉलीवुड में उन्हें लोग पहचानने लगे हैं वह सोनू निगम और केके जैसी प्रसिद्धि गायकी के क्षेत्र में हासिल करना चाहते हैं, लेकिन मंजिल अभी दूर है। देव के पिता फौज से रिटायर होने के बाद द्वाराहाट में ही रहने लगे, मां गृहिणी हैं। दो बहनों के इकलौते भाई देव की ससुराल हिमाचल प्रदेश में है, पिछले साल ही उनका विवाह हुआ है।
बद्री की दुल्हनिया से मिली पहचान
देव नेगी
देव बताते हैं कि इस साल होली पर रिलीज हुई फिल्म बद्री की दुल्हनिया का टाइटल ट्रेक उन्होंने ही गाया है। यह गाना इस साल के सुपरहिट गानों में एक है।
उन्होंने बताया कि इस गाने को अब तक 20 करोड़ लोग यूट्यूब में देख चुके हैं। वहीं नाच मेरी जान को सवा करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं। इस गाने ने उनके लिए फिल्म जगत की राहे थोड़ी आसान कर दी।
हल्द्वानी के दामाद भी हैं ट्यूबलाइट में
मशहूर चरित्र अभिनेता ब्रिजेंदर काला ट्यूबलाइट में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने हल्द्वानी वासियों से अपील की है कि वह फिल्म जरूर देखें। फिल्म में काला गांव के एक दुकानदार की भूमिका में हैं। काला मूलरूप से पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले हैं और हल्द्वानी के पॉलीशीट में उनकी ससुराल है।