गंगा की अविरलता के लिए अनशनरत संत गोपालदास त्रिवेणी घाट से फिर उठाकर जौलीग्रांट हिमालय अस्पताल में भर्ती करा दिये गए हैं। इससे पहले वे एम्स में भर्ती थे। वहां से दो दिन पहले ही उन्हें डिस्चार्ज किया गया था।
प्रशासन और संत गोपालदास के बीच डाल-डाल और पात-पात का सिलसिला जारी है। शनिवार की सुबह करीब नौ बजे प्रशासन और पुलिस त्रिवेणी घाट पहुंची। यहां से उन्हें जबरन एंबुलेंस में चारपाई सहित डाला गया और आननफानन में हिमालयन अस्पताल ले जाया गया।
गौरतलब है कि एम्स ऋषिकेश से डिस्चार्ज होने के बाद से गोपालदास त्रिवेणीघाट पर अनशनरत थे। शुक्रवार की शाम कुछ स्थानीय योग छात्रों ने भी हाथों में पट्टियां लहराते हुए उन्हें समर्थन की घोषणा की थी। इस दौरान विज्ञप्ति जारी कर शनिवार को छात्रों ने एम्स रोड पर मार्च निकालने का भी एलान किया था।
राष्ट्रपति के दौरे और मार्च की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शनिवार की सुबह ही गोपालदास को उठाकर हिमालयन अस्पताल भेज दिया। त्रिवेणी घाट पर गोपालदास को उठाने के दौरान एसडीएम प्रेमलाल, कोतवाल रितेश शाह भी मौजूद थे।