अरुणाचल प्रदेश में सेना की 9 कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात एक सैनिक की शनिवार को यहां झूलाघाट में महाकाली के तट पर सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि कर दी गई। सैनिक की मौत किन कारणों से हुई इसका खुलासा पार्थिव शरीर लेकर आए जवान नहीं करना चाहते। अलबत्ता मृतक के परिजनों ने आशंका जताई है कि उसकी हत्या कर दी गई है और सेना के अधिकारी इस बात को छिपा रहे हैं।
मूल रूप से दोबांस ग्राम पंचायत के रीठाखानी गांव निवासी मनमोहन प्रकाश (25) पुत्र शिवराम इस समय 9 कुमाऊं में अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे। मनमोहन ने पिथौरागढ़ नगर के विण में नया मकान बनाने का काम शुरू किया था और वह पिछले दिनों मकान का लिंटर डालने के बाद अपनी यूनिट में लौटे थे, लेकिन बृहस्पतिवार को उनके निधन की सूचना आ गई। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार को मनमोहन ने कई बार परिवार के लोगों से बात करने का प्रयास किया था, लेकिन दोबांस क्षेत्र में नेटवर्क न होने के कारण बात नहीं हो पाई। मृतक के पिता शिवराम भी सेना से अवकाशप्राप्त हैं।