दीपावली से पहले कालसी ब्लॉक के कस्बाई बाजार साहिया से अंधेरा दूर हो गया है। बाजार दूधिया रोशनी से जगमगा रहा है। ग्रामसभा की ओर से पथ प्रकाश के लिए बाजार में 30 मिनी स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई हैं।
साहिया बाजार काॅलसी ब्लॉक के 100 गांवों का केंद्र है। यहां जौनसार बावर की एकमात्र कृषि, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लोनिवि खंड साहिया का कार्यालय, प्रमुख बैंक और बाजार है। बाजार में कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगी थी। इससे शाम ढलते ही अधिकतर स्थानों पर अंधेरा पसर जाता था। किसानों, मरीजों, तीमारदारों और विभागीय कार्य से बाजार आने वाले ग्रामीणों को परेशानी होती थी। कई स्थानों पर ग्रामीणों को अपने मोबाइल का टाॅर्च जलाना पड़ता था।
अमर उजाला ने कई बार खबरों के माध्यम से स्ट्रीट लाइट का मुद्दा उठाया था। उसके बाद ग्रामसभा की ओर से बाजार क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव पास किया गया। ग्राम प्रधान साहिया नेवी नीलम संवई ने बताया कि बाजार में प्रमुख स्थानों पर 30 मिनी स्ट्रीट लाइट लगवा दी गई है। पथ प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने से रात में आवागमन करने वाले ग्रामीणों को अब सुविधा मिल रही है। अभी बाजार क्षेत्र में और स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएगी। बजट उपलब्ध होते ही अन्य स्थानों पर भी स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना है।