रस्किन बांड के जन्मदिन पर मालरोड स्थित एक बुक डिपो में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत देश के अन्य राज्यों से सैकड़ों की संख्या में उनके प्रशंसक पहुंचे थे। यहां घंटों लाइन में लगने के बाद प्रशंसकों को रस्किन बांड के साथ फोटो लेने का मौका मिला।
दुनिया के जाने माने अंग्रेजी लेखक पद्मश्री रस्किन बांड ने अपना 89वां जन्मदिन अपने प्रशंसकों के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने केक काटकर प्रशंसकों के साथ फोटो भी खिंचवाई। रस्किन बांड की एक झलक पाने के लिए उनके प्रशंसकों की लंबी लाइन लगी हुई थी। इससे पहले रस्किन बांड ने सुबह अपने परिवार के साथ अपने आवास पर केक काटा।
विज्ञापन
कोराेना काल के चलते रस्किन बांड ने तीन साल बाद प्रशंसकों के बीच अपना जन्मदिन मनाया। मालरोड स्थित एक बुक डिपो में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत देश के अन्य राज्यों से सैकड़ों की संख्या में उनके प्रशंसक पहुंचे थे। यहां घंटों लाइन में लगने के बाद प्रशंसकों को रस्किन बांड के साथ फोटो लेने का मौका मिला। इस दौरान लोगों ने रस्किन बांड की किताबें भी खरीदीं। रस्किन बांड ने प्रशंसकों के बीच ऑल टाइम फेवरेट नेचर स्टोरीज भी लाॅन्च की।
हाथ से बना कार्ड जन्मदिन पर भेंट किया
राजकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुलड़ी मसूरी की शिक्षिका निमेष डंगवाल ने बताया कि उनके स्कूल की पांच छात्राओं ने रस्किन बांड को उनके जन्मदिन पर स्पेशल कार्ड बनाकर दिया। पिछले दिनों आईसीएसई (10वीं) में 98.8 अंक हासिल करने वाले देहरादून के अभिमन्यु रावत और उनकी बहन कनिष्का ने भी रस्किन बांड को हाथ से बना जन्मदिन कार्ड भेंट किया।
इस मौके पर उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप साहनी, रजत कपूर, पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने बुक डिपो पहुंचकर रस्किन बांड को जन्मदिन की बधाई दी। कैंब्रिज बुक डिपो के संचालक सुनील अरोड़ा ने बताया कि बुक डिपो में रस्किन बांड ने किसी को ऑटोग्राफ नहीं दिए। सभी किताबों पर घर से ही साइन करके भेज दिया था। दिल्ली से आए पर्यटक सुमित सिंह ने कहा कि रस्किन बांड के साथ फोटो लेकर उनकी इच्छा पूरी हो गई।