- मुख्यमंत्री धामी ने मोबाइल मेडिकल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली व टिहरी जिला से ग्रामीण गढ़वाल समग्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना की शुरूआत की। बृहस्पतिवार को सीएम आवास में मुख्यमंत्री ने मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस परियोजना को ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एवं हॉस्पिटल ने शुरू किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य सरकार का संकल्प है कि लोग भौगोलिक व आर्थिक कारणों से स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहें। इस पहल से दूरस्थ गांवों तक समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा पहुंचाना आसान होगा। दूरस्थ व दुर्गम ग्रामीण इलाकों में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा, निशुल्क जांच, परामर्श व दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की दिशा में अच्छा प्रयास है।
इस परियोजना के पहले चरण में चमोली व टिहरी जिले में दो मोबाइल मेडिकल वाहन संचालित होंगे। इस वाहन में चिकित्सा सुविधा के साथ ही 29 से अधिक निशुल्क पैथालॉजी जांच, निशुल्क दवा वितरण, नेत्र जांच, स्वास्थ्य परामर्श एवं रेफरल सेवाएं प्रदान की जाएगी। हर मोबाइल यूनिट में डॉक्टर मौजूद रहेंगे।
मोबाइल यूनिट गांव, कस्बों, स्कूलों और बाजारों में निर्धारित समय पर जाकर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराएगी इस मौके पर ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एवं हॉस्पिटल के चेयरमैन कमल घनसाला, डॉ. पुनीत त्यागी डॉ. एसएल जेठानी, मेजर जनरल ओपी सोनी(सेनि)व डॉ. सुभाष गुप्ता मौजूद रहे।