फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर बांसवाड़ा में बना खतरनाक, ऑल वेदर रोड कार्य बना परेशानी

Thu, 27 Dec 2018 09:19 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रुद्रप्रयाग
विज्ञापन
बारहमासी सड़क पर मटेला के पास गिरा मलबा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर बांसवाड़ा में बुधवार को पहाड़ी से भारी मलबा खड़ी जेसीबी पर गिरने से ढाई घंटे तक यातायात बंद रहा। कार्यदायी संस्था द्वारा मशीनों की मदद से मलबा साफ कर पौने 11 बजे यातायात बहाल किया गया। बीते 21 दिसंबर को हुई दुर्घटना के बाद से प्रभावित क्षेत्र अति संवेदनशील बना हुआ है।

विज्ञापन


बुधवार को रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग पर बांसवाड़ा में प्रात: 8.25 बजे पहाड़ी से भारी मलबा खड़ी जेसीबी के ऊपर आ गिरा। गनीमत रही कि इस दौरान मशीन का संचालन नहीं हो रहा था, जिस कारण किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ। भले ही मशीन को व्यापक क्षति पहुंची है। इसके बाद कार्यदायी संस्था के मजदूरों द्वारा दो तरफा मशीनों की मदद से मलबे को साफ करने का कार्य शुरू किया गया। करीब ढाई घंटे बाद प्रात: 10.45 पर हाईवे को यातायात के लिए खोल दिया गया। एनएच के ईई जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बांसवाड़ा में हाईवे अति संवेदनशील बना हुआ है। यहां एजेंसी को कार्य के दौरान जरूरी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम दिए गए हैं। साथ ही यातायात संचालन को लेकर दो तरफा चौकस निगरानी को कहा गया है।

मलबे से पटे डपिंग जोन से नदी में गिर रहा मलबा
ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे निर्माण से निकलने वाले मलबे के लिए जगह-जगह पर डपिंग जोन बनाए गए हैं। बावजूद कई जगहों पर मलबा सीधे मंदाकिनी नदी में उडे़ला जा रहा है। प्रशासन के निर्देशों के बावजूद कार्यदायी संस्था बाज नहीं आ रही है।
विज्ञापन


76 किमी लंबे हाईवे निर्माण में रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड के बीच कटिंग, पुश्ता, स्कपर और निकास नाली का निर्माण किया जा रहा है। इन कार्यों से टनों मलबा व पत्थर निकल रहे हैं, जिन्हें डंप करने के लिए कार्यदायी संस्था को डपिंग जोन तैयार करने को कहा गया था। कई जगहों पर डपिंग जोन मलबे से भर चुके हैं, जिससे अब मलबा नदी में गिर रहा है। वहीं तिलवाड़ा-अगस्त्यमुनि के बीच कार्यदायी संस्था द्वारा सीधे नदी में मलबा डाला जा रहा है। इधर, जिलाधिकारी द्वारा बीते सप्ताह हाईवे के निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था और एनएच को डपिंग जोन को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए थे, लेकिन अभी स्थिति पूर्ववत है। ब्यूरो

 

टिहरी में पहाड़ी से हाईवे पर गिर रहे हैं पत्थर

चंबा-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेतरतीब ढंग से हो रहा ऑल वेदर रोड का निर्माण कार्य वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन रहा है। निर्माणदायी कंपनी ने पहाड़ी को खड़ी कटिंग में काटकर छोड़ दिया है। इसके चलते बारिश के समय जगह-जगह पर पहाड़ी से पत्थर हाईवे पर गिर रहे हैं। एनएच पर कई स्थानों में मलबा डंप किए जाने से हाईवे संकरा हो गया है।

चंबा-ऋषिकेश राजमार्ग पर ऑल वेदर रोड चौड़ीकरण का कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। कंपनी ने सड़क चौड़ीकरण के नाम पर पहाड़ी को ढालदार की जगह सीधे खड़े में काट दिया है, मगर अभी तक कटिंग वाले स्थानों पर सुरक्षा दीवार का कार्य पूरा नहीं किया जा सका है। इसके साथ ही नागणी, खाड़ी, ताछला में कटिंग का मलबा सड़क के किनारे डंप किया गया है, जिससे हाईवे संकरा होने से दुर्घटनाओं का भय बना हुआ है। ब्यूरो
 

चमोली में चट्टान पर अटके पत्थर बने खतरे का सबब

ऑल वेदर रोड परियोजना कार्य से बदरीनाथ हाईवे कई जगहों पर खतरनाक बना हुआ है। भकुंडा, देवलीबगड़, पुरसाड़ी, सोनला, नंदप्रयाग, कुहेड़, बाजपुर, पीपलकोटी, क्षेत्रपाल, छिनका और बिरही में चट्टानी भाग पर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर अटके हुए हैं, जो वाहनों की आवाजाही के लिए खतरनाक बने हुए हैं। देवलीबगड़ में हाईवे किनारे ही बड़े-बड़े पत्थर अटके हुए हैं। पुरसाड़ी में विगत दो दिसंबर को हिल कटिंग के दौरान अचानक भारी मात्रा में मलबा हाईवे पर आ गया था। तब चालक ने भागकर अपनी जान बचाई, जबकि जेसीबी पूरी तरह से मलबे में दब गई थी। ब्यूरो

कर्णप्रयाग क्षेत्र में कई गांवों पर मंडरा रहा है खतरा
बद्रीनाथ हाईवे पर ऑल वेदर परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य और चौड़ीकरण से यातायात जोखिम भरा हो गया है। यहां चौड़ीकरण के तहत काटी गई पहाड़ियों ने मलबा गिरने से खतरा बना हुआ है। सड़क से जुड़े कई गांव भी खतरे की जद में है। ब्लाक में भकुंडा से नंदप्रयाग तक परियोजना के तहत चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। हरकोटी गांव के देवी प्रसाद पंत ने बताया कि पहाड़ी की कटिंग से नौली और हरकोटी गांव को खतरा बना है। यहां कई गोशालाओं में दरारें आ गई है। यही नहीं देवलीबगड़, भकुंडा और सोनला की पहाड़ियों की कटिंग से लगातार मलबा गिर रहा है। हालांकि अभी भकुंडा से कर्णप्रयाग और कर्णप्रयाग से गौचर तक चौड़ीकरण का काम शुरू नहीं हो पाया है। कर्णप्रयाग और गौचर के बीच चट्टानी भाग भी मुश्किलेें पैदा कर सकता है। वहीं लंगासू के पास भूस्खलन क्षेत्र के ठीक ऊपर बसे निवाड़ी आदि गांवों को भी कटिंग से खतरा बना है। ब्यूरो
 
विज्ञापन

बुधवार रहा हादसों का दिन

हाईवे पर पलटा ट्रक, चालक की मौत, तीन घायल
बद्रीनाथ हाईवे पर कमेड़ा के पास एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को 108 सेवा से जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेजा गया। मंगलवार रात को नौ बजे एक ट्रक चमोली से रुद्रप्रयाग की ओर जा रहा था। तभी कमेड़ा से करीब आधा किमी आगे मोड़ पर ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक नरेश (28 वर्ष ) पुत्र रूपलाल निवासी अमसारी रुद्रप्रयाग की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक में सवार कृष्ण कुमार (19 वर्ष) पुत्र अशोक अपर बाजार रुद्रप्रयाग, नितिन (17 वर्ष) पुत्र रमेश निवासी सुविधानगर रुद्रप्रयाग और विनोद कुमार (17 वर्ष ) पुत्र रामलाल निवासी अमसारी रुद्रप्रयाग घायल हो गए। सूचना पर कर्णप्रयाग 108 के ईएमटी मनोज कुमार और दीपक कुमार एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पहुंचे। घोलतीर पुलिस की मदद से घायलों को निकालकर जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग पहुंचाया। घोलतीर पुलिस चौकी के कांस्टेबल मनेंद्र बिष्ट ने बताया कि तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।

पाले में रपटी मैक्स, 8 चोटिल
पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर खांडयूसैंण के पास बुधवार को एक मैक्स वाहन के पाले में रपट जाने से वाहन चालक सहित आठ लोग चोटिल हो गए। सभी लोगों को 108 की मदद से जिला चिकित्सालय पौड़ी में भर्ती किया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर पौड़ी से कोट ब्लॉक की ओर जा रही मैक्स खांडयूसैण के समीप पाले में रपट गई। बताया गया कि वाहन में शिक्षिकाएं सवार थी, जो क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षण कार्य के लिए जा रही थी। वाहन के रपटने से घायल हुए चालक सहित सभी लोगों को जिला चिकित्सालय पौड़ी में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

बता दें कि पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर कुछ दिन पहले भी पाले में रपटने से एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा था, जिसमें वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। मार्ग पर आए दिन वाहन रपटने की घटनाएं सामने आ रही है। पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक नमन चंदोला ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर लोनिवि से सड़क सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। इस दौरान नीरज बिष्ट, मातंग मलासी, रोहित असवाल आदि मौजूद थे। 

नई टिहरी में रपटी कार और बाइक
इस सर्द मौसम में रात को पाला पड़ने से वाहन चालकों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। बुधवार तड़के जिला मुख्यालय से पांच किमी दूर चंबा मार्ग पर सुरसिंह धार से पहले सड़क पर अत्यधिक पाला होने से तीन कार और चार बाइक सवार रपट गए। सभी के वाहन आपस में टकरा गए, लेकिन गनीमत यह रही कि सभी वाहन सड़क पर ही रुक गए। इससे वाहनों को तो क्षति पहुंची, लेकिन किसी को कोई चोट नहीं आई। इसी तरह की समस्या चंबा-मसूरी मोटर मार्ग पर भी बनी हुई है। अधिशासी अधिकारी राजेंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि नगर के आस-पास ऐसी जगहों पर पाले के असर को कम करने के लिए चूना डाला जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें