राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ भारत के बाद अब विदेशों में अपनी शाखाएं खोलेने की तैयारी में है।
संघ के नव सृजन शिविर में शिक्षा पाने वाले थाईलैंड और भूटान के छात्र अपने देशों में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ शाखाएं लगाएंगे। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने इनसे बात करने के बाद सलाह दी कि वे अपने देश के उत्थान के लिए काम करें। ये छात्र अपने देश के लोगों को शाखाओं से जोड़ेंगे।
इसके साथ ही अपनी तरह के देश के पहले नव सृजन शिविर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को 50 नए पूर्णकालिक प्रचारक मिले हैं। साथ ही दो हजार विद्यार्थी विस्तारक भी संघ को मिले। रविवार को शिविर समापन के बाद इन्हें चिह्नित किया गया है।
नए पूर्णकालिक प्रचारक वैसे तो पूरे देश में जाएंगे, लेकिन ये पहली क्लास 25 दिसंबर से उत्तराखंड में शुरू होने वाले प्राथमिक अभ्यास वर्ग में लेंगे। शिविर पर तैयार की जा रही पुस्तिका चित्रांजलि पूरे देश में बंटेगी।
हरिद्वार में लगे नव सृजन शिविर में सर संघ चालक मोहन भागवत के संबोधन के बाद संघ पदाधिकारियों ने गाइडलाइन तैयार की है। इसे आम आदमी तक पहुंचाने के लिए उत्तराखंड में 14 दिसंबर को एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
शिविरों को नए पूर्णकालिक प्रचारक करेंगे संबोधित
संघ का यह कार्यक्रम हर जिले में होगा। इसमें संघ प्रमुख के संबोधन के बिंदु दोहराए जाएंगे। 25 दिसंबर से सात दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग शिविरों को नए पूर्णकालिक प्रचारक संबोधित करेंगे।
प्राथमिक शिक्षा वर्ग में विद्यार्थी विस्तारक और नव सृजन शिविर में भाग लेने वाले दूसरे विद्यार्थियों को भी बुलाया जाएगा। शिविर की विशेष प्रदर्शनियों के संबंध में चित्रांजलि पुस्तिका तैयार की जा रही है। यह पूरे देश में बांटी जाएगी।
शिविर में मिले पूर्णकालिक प्रचारक प्राथमिक शिक्षा वर्ग के बाद दूसरे प्रांतों में भी जाएंगे। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थी विस्तारक वे हैं, जो अपनी पढ़ाई जारी रखने के साथ संघ का काम करते हैं।
नव सृजन शिविर में पूर्णकालिक प्रचारक बनने के लिए बहुत छात्रों ने हाथ उठाया था। इनमें करीब 50 को यह जिम्मेदारी दी जाएगी। इन युवाओं ने भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में योगदान देने का संकल्प लिया है। ये एकता, राष्ट्रीयता और भारत को वैभवशाली बनाने के लिए काम करेंगे।
- डॉ. हरीश रौतेला, प्रांत प्रचारक उत्तराखंड
भाजपा नहीं संघ से डर लगता है...
हमें भाजपा से नहीं संघ (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ) से डर लगता है। ऐसा कहना है एक निचले स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ता का। ब्लाक स्तर के नेताओं की चिंता कांग्रेस के बड़े नेताओं को पेरशानी में डालने के साथ संगठन के जमीनी ढांचे को मजबूती देने का सबक सिखा गए हैं।
उत्तराखंड कांग्रेस ने सोमवार को ब्लाक स्तर, के पदाधिकारियों और पर्यवेक्षकों को बैठक बुलाई थी जिसमें कार्यकर्ता संघ की ग्राउंड लेबल तैयारियों को बेहतर मानते हैं। कैंट स्थित मुख्यमंत्री आवास के जनता दरबार हॉल में आयोजित बैठक पार्टी केसबसे निचले इकाई के कार्यकर्ताओं की सुनी गई।
इलाके में मंत्रियों और बड़े नेताओं के दौरे में अपनी उपेक्षा से कार्यकर्ता आहत दिखे। उन्होंने सीएम हरीश रावत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय की मौजूदगी में अपनी दिल की बात खुलकर रखी। करीब छह घंटे तक चली इस बैठक में बारी-बारी लगभग सभी को मौका मिला।