फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीमा पर अब चीन को मुंहतोड़ जवाब देना होगा: आरएसएस

Thu, 23 Aug 2018 10:42 PM IST
न्यूज डेस्क/अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
भारत चीन बॉर्डर - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने उत्तराखंड की सीमा पर चीनी घुसपैठ पर कड़ा एतराज जताया है। संघ का कहना है कि जन जागरूकता के जरिये चीनी घुसपैठ को मुंहतोड़ जवाब देना होगा। संघ ने सीमांत गांवों में लोगों को बसाने पर जोर दिया है। संघ ने प्रदेश में बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुसलमानों की घुसपैठ को लेकर चौकस रहने और ऐसे मामलों में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क और सक्रिय किए जाने की आवश्यकता जताई है। संघ ने सरकार को आगाह किया कि प्रदेश में नशाखोरी बढ़ रही है, जिसे रोकने के लिए तत्काल ठोस उपाय करने होंगे।

विज्ञापन


राजपुर रोड स्थित स्वामी राम तीर्थ मिशन में प्रदेश सरकार और संघ के मध्य हुई समन्वय बैठक में संघ के पदाधिकारियों के अलावा प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और सरकार के कई मंत्री और पदाधिकारी उपस्थित थे। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संघ की ओर से सरकार को उन तमाम मसलों पर फीडबैक दिया गया, जो लोकसभा चुनाव और निकाय चुनाव में भाजपा के मददगार हो सकते हैं।

संघ ने प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हो रहे पलायन और सीमांत इलाकों में चीन की घुसपैठ पर चिंता जाहिर की। सरकार से अपेक्षा की गई कि वह स्थानीय लोगों को जागरूक और प्रेरित करे, ताकि वे पलायन न करें और सीमांत इलाकों में बने रहें। संघ विचार परिवार से जुड़े संगठनों ने सुझाव दिया कि आपदा प्रभावित इलाकों में सरकार को अपनी पहुंच बढ़ानी चाहिए और जिन इलाकों में सहायता दी गई है, वहां सरकार के लोगों को बार-बार जाना चाहिए। केरल में आई आपदा में ज्यादा से ज्यादा सहयोग देने पर भी जोर दिया गया।
विज्ञापन


बैठक में प्रदेश में बढ़ रही नशाखोरी को लेकर भी चिंता उभरी। संघ पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रदेश के तकरीबन सभी स्थानों में नशे का कारोबार फैल रहा है। इसकी जद में युवा पीढ़ी के आने का खतरा है। ऐसे खतरे से निपटने के लिए तत्काल कार्रवाई करने का आवश्यकता जताई गई। इससे पूर्व संघ के क्षेत्र संघचालक सूर्य प्रकाश टांक, प्रांत संचालक सरदार गजेंद्र सिंह व प्रचारक आलोक ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर बैठक का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां बताई। संघ विचार परिवार के 29 संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी रिपोर्ट रखी। बैठक में प्रांत प्रचारक, प्रांत कार्यवाह सहित विविध संगठन के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
 

विज्ञापन

सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना स्पीकर का जाना

rss meeting
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना स्पीकर का जाना
सरकार और संघ की समन्वय बैठक में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल का जाना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय रहा। अग्रवाल ने कुछ समय के लिए बैठक में शामिल हुए। सोशल मीडिया पर खबरें तैर रही थीं कि वे प्रोटोकॉल तोड़कर बैठक में शरीक हुए। इस संबंध में ‘अमर उजाला’ ने जब उनसे पूछा तो उन्होंने बैठक में जाने की पुष्टि की। लेकिन साथ ही कहा कि यह राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था, इसलिए वह इसमें शामिल हुए।

1000 नेत्रदान का संकल्प
बैठक में 2018-19 के लिए 1000 नेत्रदान का संकल्प लिया गया। तय हुआ कि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ अपने प्राइमरी शिक्षा से लेकर महाविद्यालय शिक्षा केंद्रों तक इकाई स्थापित करेगा। इन केंद्रों पर गुरु वंदना कार्यक्रम कराए जाएंगे।

प्रवासियों की घर वापसी पर जोर
बैठक में प्रवासी पंचायत ने उत्तराखंड से बाहर रहने वाले वासियों से एक बार अपने गांव लौटने तथा हिमालय दिवस मनाने का भी आग्रह किया।

दायित्वों को लेकर जोर भी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में सरकार में दायित्वों के आवंटन को लेकर भी चर्चा हुई। बताते हैं कि सरकार की ओर से आश्वस्त किया गया कि दायित्वों का आवंटन जल्द कर दिया जाएगा।

उत्तराखंड की सीमा पर चीन बार-बार अतिक्रमण की जो चुनौती दे रहा है, उसे मिलकर जवाब दिया जाए। संघ के संगठन जनजागरण के जरिए राज्य के लोगों को जागरूक करें, ताकि राष्ट्रविरोधी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके।
-आलोक जी, क्षेत्रीय प्रचारक, आरएसएस

सरकार और संघ के मध्य इस तरह की बैठकें होती हैं। ये कोई असामान्य बात नहीं है। बैठक में सभी तरह के विषयों पर चर्चा होती है। संघ के संगठन अपनी-अपनी जानकारी देते हैं। आज की बैठक में भी इसी तरह की जानकारियां दी गईं।
-श्याम जाजू, प्रदेश प्रभारी, भाजपा
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें