औली में शादी के दौरान होने वाले जैविक कूड़े के निस्तारण के लिए जोशीमठ नगर पालिका का सहयोग लिया जाएगा। गुप्ता परिवार के करीबी सुमित अदलखा ने बताया कि औली की खूबसूरती और पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। यहां कूड़ा प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। बुग्यालों के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।
औली में गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी को बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने पर्यटन व्यवसाय के लिए शुभ संकेत बताया। उन्होंने कहा कि गुप्ता बंधुओं की ओर से शादी का आयोजन औली में करवाना बड़ी बात है। यहां के स्थानीय व्यापारियों के साथ ही पर्यटन को इसका फायदा पहुंचेगा।
वहीं, जोशीमठ के स्थानीय एडवेंचर एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक पंवार और सचिव संतोष कुंवर ने औली में होने वाले शादी समारोह से पर्यावरण को नुकसान होने की बात कही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस संबंध में ऑनलाइन शिकायत भेजी है। उन्होंने कहा कि औली में हो रही शादी की तैयारियों के दौरान नियम कानून को ताक पर रखा जा रहा है।