ईद के मद्देनजर राजधानी पुलिस ने यातायात प्लान में फेरबदल किया है। बिंदाल और क्लेमेंटटाउन ईदगाह में अलविदा नमाज के दौरान शहर की 12 सड़कों पर यातायात डायवर्ट रहेगा। सुबह साढ़े सात बजे से लागू होने वाला प्लान दस बजे तक चलेगा।
यह है ट्रैफिक प्लान:
बिंदाल ईदगाह
-सुबह साढ़े नौ बजे से घंटाघर से चकराता रोड की तरफ कोई वाहन नहीं जाएगा
-दर्शनलाल चौक से घंटाघर होते हुए कैंट और बल्लूपुर जाने वाले वाहन राजपुर रोड की तरफ डायवर्ट होंगे, ये वाहन न्यू कैंट रोड से होते हुए कैंट कोतवाली के रास्ते बल्लूपुर निकलेंगे
-किशननगर चौक से शहर की तरफ आने वाला यातायात कैंट/ कौलागढ़ होते हुए दिलाराम और बल्लूपुर से शहर की ओर डायवर्ट किया जाएगा
-बल्लूपुर चौक पर बैरियर लगाकर चौक से शहर की ओर जाने वाले यातायात को कैंट या बल्लीवाला की तरफ मोड़ा जाएगा
क्लेमेंटटाउन ईदगाह
-सहारनपुर/ दिल्ली मार्ग से आने वाले यातायात को चंद्रबनी मोड़ से वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट की तरफ डायवर्ट किया जाएगा, यहां से वाहन जीएमएस रोड, शिमला बाईपास से आईएसबीटी पहुंचेंगे
-आईएसबीटी से सहारनपुर/ दिल्ली मार्ग की ओर जाने वाले यातायात टर्नर रोड से डायवर्ट किया जाएगा, यहां से वाहन थाना क्लेमेंटटाउन होते हुए सुभाष नगर मुख्य मार्ग से हाईवे पर निकलेंगे
सीओ को जरूरी निर्देश
अलविदा नमाज के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था चुस्त रखने के लिए डीआईजी गढ़वाल अमित सिन्हा ने सभी सीओ को जरूरी निर्देश दिए हैं। एलआईयू और वायरलेस स्टाफ को भी सतर्क रहने को कहा गया है। नमाज के स्थानों को चिह्नित कर संबंधित क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी नजर रखेंगे, ताकि विवाद न हो। कहीं भी विवाद की स्थिति में तुरंत निस्तारण करने को कहा गया है।
खबर पर अपनी राय देने के लिए यहां क्लिक करें