देहरादून के बल्लीवाला चौक पर निर्माणाधीन फ्लाई ओवर पर रविवार रात को गर्डर डाले जाने के कारण अगले आठ घंटे तक यातायात बाधित रहेगा।
रात 10 बजे से लेकर 28 सितंबर की सुबह छह बजे तक बल्लीवाला और बल्लूपुर की तरफ यातायात संचालित नहीं होगा। पुलिस ने शनिवार को डायवर्जन प्लान जारी किया है। ट्रैफिक डायवर्ट की वजह से यातायात का सबसे ज्यादा दबाव प्रिंस चौक से लेकर सहारनपुर चौक तक रहेगा।
यहां पहले से ही यातायात की वजह से पूर्वाह्रन और शाम को जाम के हालात बन जाते हैं। पुलिस अधीक्षक नगर अजय सिंह ने डायवर्जन से वाहन चालकों को होने वाली दिक्कतों पर खेद जताया है। कहा कि ओवरब्रिज पर गर्डर डालने का काम प्रभावित न हो, इसलिए ट्रैफिक प्रतिबंधित किया गया है।
रूट डायवर्जन प्लान
- विकासनगर मार्ग का ट्रैफिक शिमला बाईपास से होकर जाएगा।
- सैंट ज्यूड्स, नया गांव से झाझरा निकलेंगे वाहन। आने वाले वाहन इसी दाखिल होंगे।
- कैंट की तरफ से बल्लूपुर आने वाला ट्रैफिक कौलागढ़ चौक से किशन नगर तिराहे से घंटाघर होकर गंतव्य की ओर जाएगा।
- घंटाघर से बल्लूपुर जाने वाले वाहन चकराता रोड के बजाए दर्शन लाल चौक, प्रिंस चौक, सहारनपुर चौक से होते हुए पटेलनगर की तरफ जाएंगे।
- सहारनपुर चौक से कांवली रोड होते हुए जाने वाला यातायात पटेलनगर की तरफ डायवर्ट रहेगा।
- कमला पैलेस से बल्लीवाला जाने वाला ट्रैफिक पटेलनगर सब्जी मंडी की तरफ डायवर्ट रहेगा।
यह हैं डायवर्जन प्वाइंट
- झाझरा
- प्रेमनगर
- अनुराग नर्सरी तिराहा
- कौलागढ़
- घंटाघर
- सहारनपुर चौक
- कमला पैलेस तिराहा