परेड ग्राउंड में रविवार को ‘100 दिन सरकार के-100 दिन विकास के’ कार्यक्रम को लेकर शहर में कई रूटों का यातायात परिवर्तित रहेगा। कार्यक्रम दोपहर तीन बजे से शुरू होगा। इससे पहले ही डायवर्जन व्यवस्था लागू हो जाएगी। व्यवस्था शाम छह बजे तक लागू रहेगी।
एसएसपी निवेदिता कुकरेती और एसपी यातायात धीरेंद्र गुंज्याल ने रविवार को कार्यक्रम स्थल और रूट डायवर्जन क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यातायात परिवर्तन के तहत हरिद्वार ऋषिकेश से आने वाले वाहन रिस्पना से पुरानी बाईपास चौकी होकर माता मंदिर रोड से धर्मपुर आराघर, सीएमआई से एमकेपी जाएंगे।
इन वाहनों को रेंजर ग्राउंड में खड़ा किया जा सकेगा। विकासनगर, सहारनपुर, प्रेमनगर से आने वाले वाहन आईएसबीटी से पुरानी बाईपास चौकी होकर माता मंदिर से धर्मपुर से आराघर, सीएमआई से एमकेपी जाएंगे।
वाहनों को रेंजर और पवेलियन ग्राउंड में खड़ा किया जा सकता है। मसूरी, टिहरी, उत्तरकाशी से आने वाली गाड़ियां दिलाराम चौक से सचिवालय और मंगला देवी स्कूल में पार्क होगी।
रायपुर से आने वाले वाहन सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से कर्जन रोड तिराहा होकर सर्वे चौक से मंगला देवी स्कूल में खड़े होंगे। पासधारकों के वाहन पानी की टंकी के सामने और लाइब्रेरी के पास पार्किंग होंगे। आम जनता कार्यक्रम स्थल पर गेट नंबर एक, दो और तीन से प्रवेश करेगी।