रुड़की बेलडा गांव में सोमवार को हुए बवाल के मामले में पुलिस ने 700 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही गिरफ्तारी को लेकर पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है। उधर गांव में तनाव को देखते हुए अब भी पुलिस बल तैनात है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बवाल करने वाले 700 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि 13 लोगों गिरफ्तार किया गया है।
बवालियो पर सरकारी कार्य में बाधा डालने हत्या का प्रयास करने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी ने बताया कि युवक की मौत के मामले में भी गांव निवासी अमन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े
रुड़की में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से युवक की मौत के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी। इसमें दो इंस्पेक्टर, एक दरोगा समेत पांच लोग घायल हो गए। उपद्रवियों ने एक बाइक को भी आग के हवाले कर दिया। बवाल बढ़ने पर पुलिस ने पहले तो आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन हालात नियंत्रण में न आने पर लाठीचार्ज किया। देर शाम गांव की 10 किलोमीटर की परिधि में धारा 144 लागू कर दी गई। देर रात जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने पथराव करने वाले करीब 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।