रुड़की में कार सवार बारातियों में नए पुल पर मारपीट हो गई। मारपीट से पुल पर जाम लग गया। बीच बचाव कराने आए एक होमगार्ड से युवकों ने अभद्रता करते हुए धक्कामुक्की कर दी। आसपास के लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया। जिसके बाद कार सवार युवक मौके से कार लेकर चले गए।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित नए पुल के पास तिराहे पर दो कार में बाराती युवक जा रहे थे। इस बीच एक कार में सवार बाराती युवकों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिससे कार में ही युवकों में लात घुसे चलने लगे। इस बीच युवक खिड़की खोलकर कार से बाहर आ गए और मारपीट करने लगे।
इससे पुल पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई और जाम लग गया। जाम लगता देख एक होमगार्ड मौके पर पहुंचा। यहां होमगार्ड ने युवकों में बीच बचाव कराने का प्रयास किया। इस पर युवकों ने होमगार्ड से अभद्रता करते हुए धक्कामुक्की कर दी।
यह देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह युवकों को शांत किया। इसके बाद युवक कार लेकर वहां से रवाना हो गए। इसके बाद होमगार्ड ने तिराहे पर लगा जाम खुलवाया। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि मामले में होमगार्ड से जानकारी ली जाएगी।