केस नंबर एक - सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक बुजुर्ग की जर्मनी की एक महिला से फेसबुक पर दोस्ती हुई। दोस्ती के बाद महिला ने बुजुर्ग को अपने विश्वास में ले लिया और खाते में 1.30 लाख रुपये डलवा लिए। अब बुजुर्ग ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
केस नंबर दो - रुड़की क्षेत्र के एक गांव निवासी एक बुजुर्ग की नाइजीरिया की एक महिला से फेसबुक पर दोस्ती हुई। महिला ने बुजुर्ग को अपनी फोटो दिखाई और अपनी तरफ आकर्षित कर लिया। इस बीच महिला ने बुजुर्ग से 50 हजार की मांग की। बुजुर्ग ने खाते में रकम डलवा दी। इसके बाद बुजुर्ग ने शिकायत पुलिस से की।
केस नंबर तीन - सिविल लाइंस निवासी एक बुजुर्ग की विदेशी महिला से फेसबुक पर दोस्ती हुई। इस बीच महिला ने बुजुर्ग से अश्लील फोटो मांगी। बुजुर्ग ने अपनी अश्लील फोटो भेज दी। बाद में विदेशी महिला ने ब्लैकमेल कर रुपये मांगे। बुजुर्ग ने उसके खाते में तीस हजार रुपये डलवा दिए। बाद में मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।
केस नंबर चार - रुड़की निवासी एक बुजुर्ग सऊदी अरब में रहता है। उसकी फेसबुक पर विदेशी महिला से दोस्ती हुई। विदेशी महिला ने अपने जाल में फंसाकर अश्लील फोटो मांगी। बाद में ब्लैकमेल कर खाते में रकम डलवा ली। बुजुर्ग के रिश्तेदार की ओर से पुलिस से शिकायत की गई है।
बुजुर्गों को ठगों के जाल में फंसने से बचाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्हें जागरूक किया जा रहा है कि वह किसी के भी बहकावे में न आएं। बुजुर्गों से धोखाधड़ी के जितने भी मामले आए हैं, उनकी जांच कराई जा रही है।
- एसके सिंह, एसपी देहात