रुड़की में गांव के ही दो युवकों ने नाबालिग छात्रा से छेड़खानी कर दी। विरोध करने पर रात में छात्रा के घर के बाहर पहुंचे और दरवाजे पर लात मारते हुए उसका नाम लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। बाद में छात्रा माफी से मांगने पर पुलिस ने दोनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी किशोरी कक्षा 11 की छात्रा है। आरोप है कि छात्रा को गांव के ही दो युवक पिछले कई दिनों से परेशान करते आ रहे थे। छात्रा का रास्ता रोककर युवकों ने छेड़खानी भी की। छात्रा ने परिजनों से शिकायत करने की बात कही तो शनिवार रात वे उसके घर के बाहर पहुंचे। यहां युवकों ने छात्रा के घर के दरवाजे पर लात मार दी और जोर-जोर से उसका नाम लेकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने युवकों को पहचान लिया।
इसके बाद छात्रा के परिजनों की ओर से पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले आई। दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए। युवकों के माफी मांगने और भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने पर पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया। एसएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि छात्रा के परिजनों के कार्रवाई से इनकार पर दोनों को छोड़ दिया।