कृषि कानूनों के विरोध में भाकियू (टिकैत) आज शुक्रवार को मंगलौर गुड़ मंडी के बाहर विरोध प्रदर्शन कर हाईवे जाम करेगी। वहीं, उत्तराखंड किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने किसानों के साथ मिलकर रुड़की स्थित शताब्दी द्वार पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इसके अलावा राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की ओर से भी जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
पुलिस ने रात में नजरबंद किया था और बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे रिहा किया। हाईकमान से बात हुई है। किसानों के साथ बैठक कर तहसीलों में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
-चौधरी पद्म सिंह, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन
यूनिटन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से आदेश मिले हैं कि शुक्रवार को प्रदर्शन कर जाम लगाया जाए। इसके तहत आज गुड़ मंडी मंगलौर में प्रदर्शन कर हाईवे जाम किया जाएगा।
-विजय शास्त्री, जिलाध्यक्ष भाकियू टिकैत
कृषि कानून किसी भी तरह किसानों के हित में नहीं हैं। सरकार को इन्हें तत्काल वापस लेना चाहिए। केंद्र सरकार अगर इस पर फैसला नहीं लेती है तो पुरजोर विरोध किया जाएगा।
-राकेश अग्रवाल, राष्ट्रीय अध्यक्ष, किसान मजदूर संगठन
न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानून बनना चाहिए। कृषि कानून समाप्त होना चाहिए। जब तक सरकार मांगें पूरी नहीं करती है, तब तक विरोध जारी रहेगा। शुक्रवार को शताब्दी द्वार पर सरकार का पुतला दहन करेंगे।
-महकार सिंह, जिलाध्यक्ष, उत्तराखंड किसान मोर्चा
किसानों के प्रदर्शन के संबंध में पुलिस प्रशासन को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। धरनास्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। किसान शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बातों को रख सकते हैं। गड़बड़ी होने पर कार्रवाई की जाएगी।
-नमामी बंसल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, रुड़की