जैसे ही मुकीम बाइक लेकर उनके सामने से गुजरा तो आरोपियों में से एक ने युवक पर गोली चला दी। गोली सीधे युवक के पैर में लगी और वह बाइक समेत नीचे जा गिरा। गोली की आवाज सुनकर बाजार में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर जमा भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
वहीं मामले की जानकारी मिलते ही गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एश्वर्य पाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को सिविल अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही आसपास जमा लोगों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि घायल का आरोपी पक्ष से पैसे के लेनदेन को लेकर कोई विवाद था। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर के बाद आरोपियों पर केस दर्ज किया जाएगा।
दहशत में आए लोग, कई ने गिराए शटर
भीड़ वाले बाजार में गोली चलने की घटना से दुकानदारों में दहशत पैदा हो गई। भगदड़ और अफरा तफरी के बीच कई दुकानदारों ने दुकानों के शटर बंद कर दिए। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए आसपास नाकेबंदी कर तलाश शुरू की। हालांकि आरोपी हमलावर हाथ नहीं लग पाए हैं।