बेटी की गर्दन पर चाकू रखा देख घबराई प्रीति ने लॉकर का नंबर तक दे दिया। प्रीति चौहान का कहना है कि उसे पक्का अंदेशा है कि घटना को परिचितों ने ही अंजाम दिया है। उन्होंने हैरानी जताई कि उसके पति की लोकेशन उन्हें कैसे पता। प्रीति का कहना था कि बदमाशों ने हाथ में पहनी छह अंगुठियां और सोने का कड़े भी उतरवाकर लूट ली। प्रीति का कहना है कि बदमाशों ने जूतों में धारदार हथियार छिपाए हुए थे।
अंकल मेरी गुल्लक बच गई। गंदे अंकल मेरी गुल्लक नहीं ले जा सके। छह साल की मासूम माही अपनी गुल्लक को हाथ में लेकर बेबाकी से यह बात बोल रही थी। जब माही से पूछा तो उसने पूरे घटनाक्रम को सिलसिलेवार ढंग से बयां भी किया। हालांकि उसके चेहरे पर खौफ नहीं दिखाई दिया। मासूम इस सब घटना को पीछे छोड़कर घर के बाहर बच्चों के साथ खेलने में मशगूल हो गई।
करीब आठ माह पूर्व इस नए घर में शिफ्ट हुए भाजपा नेता के घर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए थे। भाजपा नेता की मानें तो उन्हें कैमरे लगवाने थे लेकिन वक्त नहीं मिल रहा था। घर के ठीक सामने लगा एक सीसीटीवी कैमरा खराब मिला। सीआईयू और स्थानीय पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
मोटरसाइकिल पर आए थे बदमाश
दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। इस बात की जानकारी एक चश्मदीद ने दी है। जिपं सदस्य के घर के ठीक सामने बने घर में रहने वाले एक युवक ने पुलिस को बताया कि एक युवक को उसने मोटरसाइकिल पर घर के बाहर देखा था। फिर कुछ देर बाद दो लोग अंदर से निकलकर आए और उन्होंने मुख्यद्वार को बाहर से बंद कर दिया। यह देखकर उनका दिमाग ठनका था। वह कुछ पूछ पाता तब तक वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग निकलने में कामयाब रहे।
हरिद्वार में कनखल थाने की संदेश नगर कॉलोनी में भाजपा की जिला पंचायत सदस्य प्रीति चौहान और उनकी छह साल की बेटी को बंधक बनाकर हथियारबंद बदमाश करीब पंद्रह लाख के जेवर और ढाई लाख की रकम लूटकर ले गए। दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से पुलिस में हड़कंप मच गया। सीआईयू और कनखल पुलिस की कई टीमें वारदात के खुलासे में जुट गई हैं।
घटना शनिवार दोपहर दो से ढाई बजे के बीच हुई। मूल रूप से लक्सर पट्टी के गांव हरसीवाला के रहने वाले भाजपा नेता और स्टोन क्रशर मालिक कदम सिंह चौहान की पत्नी प्रीति चौहान हबीपुर सीट से जिला पंचायत सदस्य हैं। वह परिवार के साथ कनखल की संदेश नगर कालोनी में रहते हैं। शनिवार को वह भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी रमेश पोखरियाल निशंक की गांव कटारपुर में आयोजित सभा में भाग लेने गए थे। घर पर उनकी पत्नी प्रीति चौहान और छह साल की बेटी माही थी। दोपहर को करीब दो से ढाई बजे के बीच डोर वेल बजने पर प्रीति चौहान ने बेटी माही को गेट खोलने के लिए भेजा।
गेट खोलने के बाद बेटी माही से बातचीत करते हुए तीन लोग अंदर घुस आए। अंदर घुसने पर धारदार हथियार के बल पर प्रीति को कब्जे में ले लिया और माही के हाथ पैर बांध दिए। बच्ची के गले पर धारदार हथियार रखकर हत्या करने की धमकी देने पर प्रीति ने अलमारी में रखे डिजिटल लॉकर का पासवर्ड बता दिया। लॉकर और अलमारी में रखे सोने हीरे के जेवर और ढाई लाख की रकम लेने के बाद प्रीति को बाथरूम में बंद कर तीनों बदमाश फरार हो गए।