पुलिस प्रशासन की उदासीनता के चलते जहरखुरानी के शिकार युवक ने सरकारी अस्पताल में उपचार के 12 घंटे बाद दम तोड़ दिया। युवक सोमवार देर शाम देहरादून जिले के रायवाला स्टेशन के पास अचेत मिला था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पौड़ी परिजनों को सूचित कर दिया है। देर रात तक परिजन तीर्थनगरी नहीं पहुंचे थे।
ट्रेन में आए दिन जहरखुरानी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार सुरक्षा एजेंसी इस तरह की घटनाओं को रोकने की बजाय लापरवाह बनी हैं। इसी का नतीजा है कि ट्रेन में जहरखुरानी का शिकार प्रदीप (36) पुत्र गुणानंद निवासी ग्राम ओनियो, सतपुली, असवालस्यू पट्टी, जिला पौड़ी गढ़वाल की ऋषिकेश सरकारी चिकित्सालय में मौत हो गई।
कोतवाल अर्जुन सिंह रावत ने बताया कि शव सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के देर रात तक पहुंचेंगे। बुधवार को पोस्टमार्टम होगा।