माय सिटी रिपोर्टर देहरादून परिवहन निगम में अनुबंधों का नवीनीकरण नहीं कराने वाले 200 संविदा चालकों, परिचालकों को ड्यूटी से हटाए जाने के बाद तमाम कर्मचारी यूनियनों ने मोर्चा खोल दिया है। इसी मुद्दे को लेकर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को परिवहन निगम मुख्यालय में महाप्रबंधक दीपक जैन, उप महाप्रबंधक कार्मिक संजय गुप्ता और उप महाप्रबंधक तकनीकी अनूप रावत से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने अनुबंधों का नवीनीकरण नहीं कराने पर 200 संविदा चालकों परिचालकों को ड्यूटी से हटाए जाने पर कड़ा विरोध जताया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल परिषद के महामंत्री दिनेश पंत ने कहा कि यदि किसी संविदा कर्मचारी ने अनुबंधों का नवीनीकरण नहीं कराया है तो उसे ड्यूटी से हटाया जाना किसी भी सूरत में उचित नहीं ठहराया जा सकता है यदि इन कर्मचारियों को ड्यूटी से हटाया गया तो परिषद पदाधिकारी और कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। जिसकी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक दीपक जैन से अनुरोध किया कि मुख्यालय स्तर से जिन अधिकारियों कर्मचारियों की पदोन्नति होनी है उसके संबंध में भी अंतिम निर्णय जल्द से जल्द ही लिए जाए इसके साथ ही तकनीकी संवर्ग के कर्मचारियों को 4200 रुपये के ग्रेड पे देने समेत तमाम मुद्दों पर चर्चा की गई महाप्रबंधक दीपक जैन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि प्रबंधन की मंशा कर्मचारियों को परेशान करने की नहीं है। लेकिन कर्मचारियों को भी नियमों के तहत अनुबंध करा लेना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में परिषद के प्रदेश महामंत्री दिनेश पंत के अलावा उप महामंत्री प्रेम सिंह रावत, प्रदेश कोषाध्यक्ष अनुराग नौटियाल समेत कई पदाधिकारी शामिल थे