वादाखिलाफी पर उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन ने आंदोलन की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन पूर्व में हुए समझौते के अनुसार कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसको लेकर कर्मियों में भारी रोष है। उन्होंने रविवार तक पूर्व में हुए समझौते के अनुसार कार्रवाई ना होने पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को शाखा मंत्री अजय कुमार के नेतृत्व में कर्मियों ने परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक को ज्ञापन भेजकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि 11 अप्रैल को अध्यक्ष व मंत्री को भेजे गए पत्र पर रोडवेज इंप्लाइज यूनियन को सख्त एतराज है। इस पत्र में 29 मार्च को हुई वार्ता के समझौतों को दरकिनार किया गया है।
उन्होंने कहा कि कमबुक भार के प्रकरणों में जांच के बाद ही कार्रवाई, परिचालक को पद अनुरूप कार्य करने का पत्र समेत अन्य बिंदुओं पर कोई निर्णय नहीं हुआ। इससे साफ है कि प्रबंधन को कर्मियों की समस्याओं के समाधान में कोई रुचि नहीं है। उन्होंने कहा कि रविवार 17 अप्रैल तक इस संबंध में कार्रवाई ना होने पर सोमवार से आईएसबीटी स्थित कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे।