उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों की ईएसआई से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ईएसआई निदेशक से मुलाकात की। इस दौरान परिषद् पदाधिकारियों ने चेतावनी दी यदि समस्याओं का निपटारा जल्द नहीं किया गया तो वह इसके लिए श्रम मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के आवास का घिराव करेंगे।
विभिन्न मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल ईएसआई निदेशक प्रशांत आर्य से मिला और समस्याओं से अवगत कराया। परिषद के शाखा अध्यक्ष संजय डोभाल, शाखा मंत्री अनिल धीमान ने बताया कि पहले रोडवेज कर्मचारियों को ईएसआई के तहत इलाज श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में होता था। उसके बाद ईएसआई अस्पताल कारगी चौक खोला गया। बाद में इसे अजबपुर खुर्द और अब बंजारावाला क्षेत्र में अस्पताल खोला गया है।
अस्पताल दूर होने से कर्मचारियों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने डॉक्टरों और कर्मचारियों की ओर से सही व्यवहार न करने की भी शिकायत की। आरोप लगाया कि कर्मचारियों को दवाओं के लिए बार-बार अस्पताल के चक्कर कटाए जाते हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी यदि उनकी मांगों का समाधान जल्द नहीं किया गया तो पदाधिकारी और कर्मचारी, श्रम मंत्री आवास पर धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। निदेशक प्रशांत आर्य ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का निपटारा प्राथमिकता से किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के शाखा अध्यक्ष संजय डोभाल, अनिल धीमान, भूपेंद्र सिंह बुटोला अजय शर्मा आदि शामिल रहे।