क्रिकेट प्रेमियों को रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज-2022 में विदेशी खिलाड़ियों का जलवा देखने के लिए अब एक भी रुपया खर्च नहीं करना पड़ेगा। आयोजकों ने विदेशी टीमों के मैचों को दर्शकों के लिए मुफ्त कर दिया है। अब सिर्फ इंडिया लीजेंड्स के मैचों के लिए जेब ढीली करनी पड़ेगी।
विज्ञापन
इस संबंध में बृहस्पतिवार को ओल्ड मसूरी रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता में आयोजक कंपनी के प्रतिनिधि दीपक सिंह ने बताया कि अब सिर्फ इंडिया लीजेंड्स के मैचों के लिए टिकट और पास की व्यवस्था रखी गई है। देहरादून के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इंडिया लीजेंड्स के दो मुकाबले होने हैं।
जिसमें पहले मुकाबले में 22 सितंबर को सचिन तेंदुलकर की कप्तानी वाली इंडिया लीजेंड्स का सामना इयान बेल के नेतृत्व वाली इंग्लैंड लीजेंड्स से हुआ। जबकि दूसरा मुकाबला सुपर रविवार यानी अंतिम दिन 25 सितंबर को है।
जिसमें इंडिया लीजेंड्स का सामना दिन के दूसरे मैच में शहादत हुसैन की बांग्लादेश लीजेंड्स से होगा। यह मैच शाम 7:30 बजे से होगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले कानपुर में भी गैर भारतीय मैचों में दर्शकों का प्रवेश निशुल्क रखा गया था। हालांकि अभी यह फैसला लेना बाकी है कि पहले खरीदे गए टिकटों के रुपये वापस किए जाएंगे या नहीं।