देहरादून। सड़क सुरक्षा समिति का गठन अब सब डिवीजनल स्तर पर भी किया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करने को कहा है।
जिलाधिकारी सी रविशंकर ने मंगलवार को सड़क सुरक्षा समिति से जुड़े विभागों यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग आदि के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी सदस्यों को दुर्घटनास्थल का सामूहिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की मजिस्ट्रीयल जांच को 24 घंटे के भीतर करने के लिए पत्रावली प्रस्तुत की जाए। इसके साथ ही उन्होंने परिवहन विभाग को नए मोटर वाहन एक्ट का सही ढंग से प्रचार प्रसार करने और जनमानस को नियमों की जानकारी देने को कहा। एनएच और एसएच पर होर्डिंग को हटाने के साथ ही अतिक्रमण का चिह्नीकरण करने, लोक निर्माण विभाग को तत्काल गड्ढों को भरने आदि के निर्देश। इसके अलावा दुघर्टना संभावित स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम भी जल्द से जल्द पूरा करने को कहा। बैठक में एडीएम प्रशासन रामजीशरण शर्मा, एसपी ट्रैफिक प्रकाश चंद आर्य, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडेय, अधिशासी अभियंता लोनिवि जेएस चौहान और बलराम मिश्रा आदि उपस्थित रहे।