फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्रिकेट का मैदान बनी 50 करोड़ की सड़क

Wed, 03 May 2017 04:27 PM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, हरिद्वार
विज्ञापन
क्रिकेट - फोटो : demo pic
विज्ञापन
जाम से निपटने के लिए पचास करोड़ की लागत से बनाया गया हिल बाईपास मार्ग राजाजी टाइगर रिजर्व की बंदिशें के चलते इस पर नियमित रूप से वाहन नहीं दौड़ रहे हैं। ऐसे में यह सड़क बच्चों के क्रिकेट खेलने, स्केटिंग करने के साथ ही नशेड़ियों के टहने के काम आ रही है। चारधाम यात्रा शुरू होने पर अक्सर तीर्थयात्री जाम में फंस रहे हैं।
विज्ञापन


हिल बाईपास मार्ग ज्वालापुर से भगत सिंह चौक, ब्रह्मपुरी तथा खड़खड़ी होते हुए मोतीचूर तक है। वर्ष 2010 के कुंभ के दौरान इस मार्ग के निर्माण में करीब 18 करोड़ खर्च किए गए थे, जबकि पिछले साल अर्द्धकुंभ में इस सड़क के विस्तार पर करीब 38 करोड़ खर्च किए गए। तब तत्कालीन सरकारों की मंशा इस मार्ग को वैकल्पिक रूप से उपयोग कर शहर में जाम की स्थिति  से निपटना था। लेकिन यहां राजाजी टाइगर रिजर्व की बंदिशें होने से इस सड़क का नियमित उपयोग नहीं किया जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश हैं कि भारी भीड़ वाले पर्वो, कुंभ और अर्द्धकुंभ के मुख्य स्नान पर ही इस सड़क का उपयोग किया जा सकता है।

पिछले साल तत्कालीन कांग्रेस सरकार बार- बार यह दावा करती रही कि सुप्रीम कोर्ट में पैरवी कर इस सड़क के नियमित प्रयोग की अनुमति का प्रयास किया जाएगा लेकिन वह ऐसा कर नहीं पाई। अब स्थिति यह है कि पचास करोड़ की यह सड़क खडख़ड़ी और भूपतवाला के बच्चों के लिए क्रिकेट खेलने और स्केटिंग दौड़ाने के काम आ रही है। जबकि रात में यहां नशेड़ियों को टहलते देखा जा सकता है। चारधाम यात्रा और वीकेंड के दौरान अक्सर जाम से निजात दिलाने के लिए यह मार्ग बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।  
विज्ञापन


बरसात में बैठ गई पुल की एप्रोच
खडख़ड़ी और मोतीचूर को जोड़ने वाले हिल बाईपास मार्ग के पुल की एप्रोच रोड पिछले दिनों हुई बारिश में धंसने के बाद से यह सड़क बंद है। पिछले सप्ताह पीडब्लूडी के अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण भी किया था, लेकिन इसे अब तक दुरुस्त नहीं किया गया है। 

कैद होकर रह जाते हैं लोग
खडख़ड़ी और भूपतवाला के लोग किसी भी लक्खी मेले और यात्रा सीजन के दौरान जीरो जोन बनने तथा जाम की स्थिति में अपने घरों में ही कैद हो जाते हैं। बीमार होने पर जिला चिकित्सालय तथा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड तक आना भी उनके लिए दूभर हो जाता है। ऐसे में यह मार्ग लोगों की परेशानियों को काफी कम कर सकता है। 

हिल बाईपास मार्ग को आम जनता के लिए खुलवाने को कांग्रेस सरकार ने काफी प्रयास किए। महत्वपूर्ण मौकों पर यह मार्ग खुलवाया भी गया। अब मौजूदा सरकार से भी मांग है कि इस मार्ग को आम जनता के लिए खोला जाए। इस बारे में डीएम और एसएसपी से भी हमने बात की है। सरकार को जनहित में फैसला लेना चाहिए।
-  सतपाल ब्रह्मचारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष

इस सड़क को नियमित रूप से खोला जाना जरूरी है। इस बारे मं शहरी विकास मंत्री और मुख्यमंत्री को मांगपत्र देकर लोगों को होने वाली परेशानी से निजात दिलाने की मांग की जाएगी। जब आधे रास्ते तक आवाजाही हो रही है तो इस पूरे मार्ग को खोलने में परेशानी क्या है इस पर विचार किया जाना जरूरी है।
- अनिरुद्ध भाटी, मंडल अध्यक्ष, सप्तऋषि क्षेत्र  भाजपा   

इस सड़क के विस्तार की मांग ही इसलिए हुई थी ताकि उत्तरी हरिद्वार के लोग मेलों के समय अपने घरों में कैद होकर न रह जाएं। उन्हें  विकल्प देने और मध्य हरिद्वार तथा ज्वालापुर आदि क्षेत्रों में आने-जाने के लिए इस सड़क का निर्माण हुआ था। लेकिन सड़क का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
- उमा गुजराल, पूर्व पार्षद

जनहित में इस सड़क को खोला जाना चाहिए साथ ही उत्तरी हरिद्वार की लंबे समय से चली आ रही अस्पताल के निर्माण की मांग भी पूरी की जानी चाहिए। ताकि लोग परेशानियों से बच सकें।
- मनोज निषाद, सामाजिक कार्यकर्ता
          
हिल बाईपास मार्ग का मामला माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश से जुड़ा हुआ है। इस बारे में कोई भी निण्रय न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में ही किया जा सकता है।         
विज्ञापन

- किशनचंद, डिप्टी डायरेक्टर राजाजी टाइगर रिजर्व
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें