साहिया। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत चार माह पूर्व लाखों रुपये खर्च कर बिरपा बैंड से खारसी मोटर मार्ग पर किया गया डामरीकरण महज कुछ दिन बाद ही उखड़ने लगा है। विभाग और ठेकेदार की इस लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में खासा आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी अभी तक विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
विकास खंड चकराता के अंतर्गत चकराता लाखामंडल मोटर मार्ग के बिरपा बैंड से खारसी मार्ग पर चार माह पूर्व करीब 10 किलोमीटर लंबी सड़क पर लाखों रुपये से डामरीकरण कराया गया था, लेकिन घटिया गुणवत्ता के कार्य से सड़क पर किया गया डामर जगह-जगह उखड़ गया। इसकी शिकायत स्थानीय ग्रामीणों ने उसी समय की थी, लेकिन पिछले चार महीने से कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीण अमित सिंह चौहान, सुरेश चौहान, बिरेंद्र सिंह, सरदार पंवार, अमर सिंह और शूरवीर सिंह आदि का आरोप है कि खारसी, मानुवा, गैरी, कांडीधार और खाठुवा आदि गांवों को जोड़ने के लिए बिरपा बैंड से खारसी तक बनी 10 किलोमीटर सड़क पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन इसका डामरीकरण महज चार महीने में ही उखड़ गया। इससे जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं । उन्होंने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर प्रधानमंत्री ग्रामीण लोनिवि कालसी के ईई बीसी पंत ने बताया बताया कि इस मामले में जेई से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही ठेकेदार को दोबारा डामरीकरण के निर्देश दिए जा चुके हैं।