हरिद्वार में दीपावली पूजन से पहले हरकी पैड़ी पर गंगाजल आने से रौनक लौट आई है। लेकिन जल कम मात्रा में छोड़े जाने से श्रद्धालु डुबकी नहीं लगा पा रहे हैं।
परंपरागत ढंग से पूजा अर्चना
जबकि मायापुर में रेगुलेटर की मरम्मत न होने पर गंगनहर में पानी के लिए उत्तर प्रदेश के किसानों को 10 नवंबर तक इंतजार करना पड़ेगा। रविवार को उत्तर प्रदेश गंगा कैनाल के अधिकारियों व कर्मियों ने भीमगोड़ा बैराज पर परंपरागत ढंग से पूजा अर्चना कर गंगाजल छोड़ा।
हरकी पैड़ी पर गंगा के पहुंचने पर पंडों, पुरोहितों और श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा अर्चना और आरती कर गंगाजी का स्वागत किया। उत्तरी खंड गंगनहर हैडवर्क्स के एसडीओ वीवीएस यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन ने नहर में क्लोजर की अवधि 10 नवंबर तक बढ़ा दी है।
निर्धारित कार्य पूरा नहीं हो पाया
मायापुर में रेगुलेटर की मरम्मत के साथ ही नहर चौड़ीकरण का क्लोजर अवधि का निर्धारित कार्य पूरा नहीं हो पाया है। इसलिए शासन से क्लोजर अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया गया था। एसडीओ वीवीएस यादव ने बताया गंगनहर में कार्य प्रभावित न हो इसको ध्यान में रखकर हरकी पैड़ी के घाटों पर गंगाजल की मात्रा कम रखी गई है। लेकिन, श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए धीरे-धीरे जल बढ़ाया जाएगा।