ऋषिकेश में श्यामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में शनिवार को रेस्टोरेंट में पोस्टमैन की मौत अपने साथी के साथ झगड़े से नहीं बल्कि, चाकू से पेट पर वार करके स्टंट दिखाने के चक्कर में हुई है। इस बात को परिजनों ने भी कबूल किया है। परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को पत्र लिखकर मृतक पोस्टमैन की वास्तविकता से भी रूबरू कराया है।
रविवार को मृतक अधेड़ पोस्टमैन गंगाराम कुकरेती की पत्नी संगीता और उनके भाई भगतराम कुकरेती ने श्यामपुर चौकी में पुलिस को पत्र लिखा। उन्होंने पुलिस को बताया कि मृतक पोस्टमैन अपने पेट को स्वामी रामदेव के पेट के समान स्ट्रांग बताता था।
इसके चलते उन्होंने पूर्व में एक शादी समारोह तथा अन्य कार्यक्रम में भी पेट में चाकू से वार किया था। मगर, उस वक्त इतनी चोट नहीं आई थी। मगर, शनिवार को इस स्टंट महंगा साबित हो गया। अति आत्मविश्वास की वजह पोस्टमैन की मौत का कारण बन बैठी।
साथी के साथ नहीं हुई थी कहासुनी
चौकी इंचार्ज श्यामपुर आशीष गुसांई ने बताया कि शनिवार को रेस्टोरेंट में पोस्टमैन के साथ उनके साथी पूर्ण प्रकाश पैन्यूली पहुंचे थे। पूर्ण प्रकाश पैन्यूली छिद्दरवाला पोस्ट ऑफिस में डाक राइडर के पद पर कार्यरत है। पुलिस पूछताछ में पूर्ण प्रकाश ने बताया कि उनकी मृतक के साथ कोई कहासुनी नहीं हुई थी। मृतक ने उनसे पेट पर चाकू से वार कर स्टंट करने की बात कही। यह सुन वह घबरा गए। देखते ही देखते उन्होंने रेस्टोरेंट के कारीगर कुलदीप से चाकू लिया और स्वयं पर वार कर दिया। यह देख वह दृश्य देख घबराकर पोस्ट ऑफिस चले गए।