उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधरी ने कहा कि 2026 के अंत तक ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे प्रोजेक्ट पूरा होने की उम्मीद है।
महाप्रबंधक शनिवार को मसूरी स्थित ओक ग्रोव स्कूल के स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि चारधाम प्रोजेक्ट के तहत योगनगरी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का कार्य चल रहा है। कहा कि सड़क मार्ग से पहुंचने में अभी चार घंटे का समय लग रहा है। परियोजना का काम पूरा होने के बाद दो घंटे में सफर पूरा हो जाएगा।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर सर्वे का कार्य किया जा रहा है।
महाप्रबंधक शोभन चौधरी ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर रेलवे के 140 स्टेशन है, जिसमें डेवलपमेंट के कार्य हो रहे। स्टेशन को दोनों तरफ विकसित किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र की खासियत का ध्यान रखा जाएगा।
ओक ग्रोव स्कूल की भूमि पर कब्जे के सवाल पर कहा कि इस दिशा में रेलवे लगातार कार्रवाई कर रहा है। सबसे पहले पूरे क्षेत्र की फेंसिंग की जाएगी। कई स्थानों पर अवैध कब्जा हटाए गए हैं। आने वाले दिनों में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
कहा कि चारधाम यात्रा को देखते हुए रेलवे अतिरिक्त ट्रेन हरिद्वार, ऋषिकेश तक चला रही है ताकि यात्रियों को असुविधा न हो। मसूरी में रेलवे आउट एजेंसी बहाल करने के सवाल पर कहा कि अब लोग इंटरनेट से टिकट बुक कर रहे है। पहले हर शहर में काउंटर होते थे जो धीरे-धीरे बंद किए जा रहे।