वीर शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट की स्मृति में द दून गर्ल्स स्कूल में आयोजित 75वीं जिला स्तरीय वार्षिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। दो दिवसीय प्रतियोगिता के बालक वर्ग में 103 अंकों के साथ राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (आरआईएमसी) और बालिका वर्ग में 101 अंकों के साथ वेल्हम गर्ल्स स्कूल ओवरऑल चैंपियन बना। बालक वर्ग में दून वैली पब्लिक स्कूल व बालिका वर्ग में ज्ञानंदा गर्ल्स स्कूल दूसरे स्थान पर रहे।
रविवार को प्रतियोगिता के समापन के पर खेल मंत्री रेखा आर्य ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। प्रतियोगिता में जिले के 32 स्कूल, कॉलेज व एकेडमी से लगभग 900 प्रतिभागियों ने अपना दमखम दिखाया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्य ने कहा, खेल छात्रों को नेतृत्व करने का हुनर सिखाते हैं। साथ ही उन्होंने विजेता व उपविजेता खिलाड़ी व टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरा जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष संदीप शर्मा, डॉ. राहुल सचान, राजेश ममगाईं, एमसी शाह, जितेंद्र नेगी, मनीष रावत, प्रीतम बिंद, जितेंद्र रावत मोनी, विनोद पोखरियाल आदि मौजूद रहे।