श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के चिकित्सकों ने रिवर्स शोल्डर ऑर्थोप्लास्टी का सफल ऑपरेशन करने में कामयाबी हासिल की है। बीमारी के कारण महिला मरीज को अपना हाथ हिलाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सर्जरी के बाद समस्या के काफी हद तक समाधान का दावा किया गया है। मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
अस्पताल जनसंपर्क कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कोटद्वार निवासी सुषमा (40) को पिछले करीब चार साल से बांये हाथ के कंधे में तेज दर्द था। दर्द के चलते वह अपने हाथ को ऊपर नहीं उठा पा रही थी। परिजनों ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया।
आधी हड्डी हुई खराब
अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नवनीत बड़ोनी ने मरीज की बायप्सी रिपोर्ट के आधार पर बताया कि ह्यूमरस बोन हेड आधी खराब हो गई है। कंधे को हिलने-डुलने में मदद करने वाला रोटेटर कफजो की स्थिति भी खराब मिली।
डॉ. बड़ोनी ने बताया कि इसके खराब होने के कारण सामान्य ऑपरेशन से शोल्डर रिप्लेसमेंट सम्भव नहीं था। कंधा बचाने के लिए रिवर्स शोल्डर ऑर्थोप्लास्टी की गई। सर्जरी के बाद महिला के दर्द में खासी कमी आई है। सर्जरी टीम में डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. सिद्धार्थ, डॉ. सौरभ और डॉ. यश ने भी सहयोग दिया।