पर्वतीय राजस्व निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक व राजस्व सेवक संघ के आह्वान पर राजस्वकर्मियों ने दो दिवसीय कार्य बहिष्कार शुरू किया। इस दौरान उन्होंने कालसी तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करके धरना भी दिया। राजस्व कर्मियों से पुलिस कार्य व खतौनियों में अंश निर्धारण का कार्य वापस लिए जाने की मांग के समर्थन में राजस्वकर्मियों ने तहसील में धरना दिया। संघ के जिलाध्यक्ष जयालाल शर्मा ने कहा कि राजस्व पुलिस बगैर संसाधनों के कार्य करती चली आ रही है। अपराधी दिन प्रतिदिन हाईटेक होते जा रहे हैं परंतु, राजस्व पुलिस संसाधनों के अभाव में अपनी जान जोखिम में डालकर विभिन्न अपराधियों पर कार्रवाई करती है। संघ लंबे समय से मांग करता चला आ रहा है कि राजस्व पुलिस संबंधी कार्य नियमित पुलिस को दिए जाएं। इसके अतिरिक्त राजस्व उप निरीक्षकों को खतौनियों में अंश निर्धारण का कार्य भी दे दिया गया है। राजस्व उप निरीक्षकों पर पहले से ही कार्य का बोझ है। ऐसे में उन्हें खतौनी के अंश निर्धारण का कार्य दिया जाना न्याय संगत नहीं है। प्रदर्शन कर रहे राजस्व कर्मियों ने अपनी मांग से संबंधित एक ज्ञापन भी जिलाधिकारी को भेजा।