माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। प्रदूषण मानकों की अनदेखी पर राजपुर रोड स्थित केएफसी समेत छह रेस्टोरेंट और बार को सील कर दिया गया है। प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त कार्रवाई में इन प्रतिष्ठानों पर मंगलवार को बिजली कनेक्शन काटा गया था। अब बुधवार को इन सभी प्रतिष्ठानों पर सील लगा दी गई है। इनमें से किसी के पास अनुमति नहीं थी तो कोई लंबे समय से एसटीपी का निर्माण नहीं करा पा रहा था।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार करीब तीन महीने पहले राजपुर रोड के इन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया था। यहां पर कई तरह के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था। रेस्टोरेंट को अपने स्तर से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के निर्देश दिए गए थे। जब टीम वहां पहुंची तो इनके पास ऐसी कोई सुविधा नहीं मिली। कुछ रेस्टोरेंट और पब आदि ने तो प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनुमति की प्रक्रिया को भी पूरा नहीं किया था। इस निरीक्षण के बाद इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। तय समय में जब इनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया तो मंगलवार को सभी का बिजली कनेक्शन काट दिया गया। अब बुधवार को सील लगा दी गई है। कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी नरेश गोस्वामी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक अधिकारी, तहसीलदार आदि मौजूद रहे।
इन प्रतिष्ठानों पर लगाई गई है सील
-मैसर्स मोजो रेस्टोरेंट, बार एवं पार्टी लाउंस, राजपुर रोड
-मैसर्स लाइफस्टाइल (प्लेबॉय), राजपुर रोड
-मैसर्स लेवल वन रेस्टोरेंट, राजपुर रोड
-मैसर्स केएफसी, सेफ्योर फूड इंडिया, यूनिट चार, अपर ग्राउंड फ्लोर वर्ल्ड ट्रेड टावर, राजपुर रोड
-मैसर्स एएस-4, इंट्रीमेंटेड फैसिलिटी मैनेजमेंट सर्विसेज, राजपुर रोड
-डिआब्लो रेस्टोरेंट एंड बार, राजपुर रोड