ब्लॉक क्षेत्र में चल रही एसआईआर प्रक्रिया में प्रशासन की ओर से जिन लोगों को नोटिस जारी किए गए थे, उनमें से करीब 70 प्रतिशत मामलों का निस्तारण पूरा किया जा चुका है। लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए प्रतिदिन क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर विशेष शिविर लगाकर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। प्रशासन ने पहले चरण का कार्य आगामी 23 अगस्त तक हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
प्रक्रिया के तहत इन शिविरों में नोटिस पाने वाले लोगों के दस्तावेजों की जांच और अन्य जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। बीडीओ शक्ति प्रसाद भट्ट ने बताया कि शिविरों के माध्यम से मामलों के निपटारे में काफी तेजी आई है। विभागीय कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और किसी भी ग्रामीण को बेवजह परेशान न होना पड़े। बीडीओ ने आश्वस्त किया कि प्रक्रिया को गति देने के लिए टीमें लगातार क्षेत्र में डटी हुई हैं।